''इनोवा क्रिस्टा'' के नाम पर 11 लाख की ठगी, बंद खाते का चेक देकर लगाया चूना

punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 09:19 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में पुरानी लग्जरी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त के नाम पर भोले-भाले खरीदारों को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये की चपत लगाने वाले एक शातिर अंतर-जिला ठग गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। यहाँ एक इनोवा क्रिस्टा गाड़ी का सौदा करके आरोपियों ने एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम ऐंठ ली। पैसे वसूलने के बाद आरोपियों ने न तो गाड़ी के असली कागजात ट्रांसफर करवाए और न ही पैसे वापस किए।

हद तो तब हो गई जब धोखाधड़ी से बचने के लिए आरोपियों ने पीड़ित को 6 लाख रुपये का एक चेक दिया, जो न सिर्फ बंद खाते का था बल्कि किसी अन्य अज्ञात महिला के नाम पर जारी था। पुलिस की लंबी व गहन पड़तार के बाद दोनों शातिर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का संगीन मुक़दमा दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, बाबू मोहिब मलिक की लिखित  शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी राजेश कुमार और परमदीप सिंह लोते ने पीड़ित के साथ एक टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कार, जिसका नंबर PB-18W-7600 है, का सौदा कुल 13 लाख रुपये में तय किया था। झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपियों को मौके पर ही 11 लाख रुपये की बड़ी पेमेंट ट्रांसफर/नगद कर दी और कार अपने कब्जे में ले ली।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, 11 लाख रुपये की मोटी रकम हासिल करने के बाद जब पीड़ित बाबू मोहिब मलिक ने आरोपियों से खरीदी गई गाड़ी के आरसी और अन्य कानूनी दस्तावेज मांगे, तो आरोपियों के तेवर बदल गए। वे कागजात देने में आनाकानी करने लगे। काफी दबाव बनाने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए 6,00,000/- (छह लाख) रुपये का एक चेक सौंप दिया। परंतु जब पीड़ित ने उस चेक की जांच की, तो पैरों तले जमीन खिसक गई। वह चेक आरोपियों के खाते का था ही नहीं, बल्कि किसी अज्ञात महिला के नाम पर जारी था और जिस बैंक खाते से वह संबंधित था, वह खाता भी काफी समय पहले बंद हो चुका था। साफ़ तौर पर आरोपियों ने सोची-समझी साज़िश के तहत पीड़ित के साथ यह कागजी हेराफेरी और जालसाजी की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News