Ludhiana में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 6 चोरी की एक्टिवा समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 06:55 PM (IST)

लुधियाना (राज): कमिश्नरेट पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना डिवीजन नंबर 8 के अंतर्गत आती DMC चौकी की पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 एक्टिवा, 2 मोबाइल फोन और 1 गैस सिलेंडर बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा और अन्य आला अधिकारियों के दिशा-निर्देशों पर अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत डीएमसी चौकी प्रभारी  ASI बलदेव सिंह की पुलिस टीम ने 30 मई को इलाके में विशेष नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान पुलिस टीम ने सिल्वर रंग की एक्टिवा (PB 10 GG 7886) पर सवार 2 संदिग्ध युवकों को रोककर जब पूछताछ की, तो उनके पास वाहन के कोई पुख्ता दस्तावेज नहीं मिले।

सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपियों की पहचान हेमंत वर्मा उर्फ काका उर्फ प्रिंस निवासी न्यू टैगोर नगर (हैबोवाल) और गुलशन शर्मा उर्फ गोशा निवासी जस्सियां रोड (लुधियाना) के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर चोरी का भारी सामान बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 8 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी हेमंत वर्मा उर्फ काका एक पुराना और शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले भी लुधियाना के अलग-अलग थानों में चोरी और अन्य संगीन अपराधों के 5 मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी गुलशन शर्मा का पुराना कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस अब आरोपियों का रिमांड हासिल कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने ये गाड़ियां कहां-कहां से चुराई थीं और वे इन्हें किसे बेचने वाले थे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News