Ludhiana में चोरी की FIR दर्ज करवाने पर भड़के बदमाशों ने प्लास्टिक फैक्ट्री को फूंका, पूरी यूनिट जलकर खाक
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 10:09 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के बिहारी चौक इलाके से एक सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ बदमाशों ने कानून को ठेंगे पर रखते हुए चोरी की पुलिस शिकायत दर्ज करवाने से खफा होकर एक प्लास्टिक फैक्ट्री को ही आग के हवाले कर दिया। प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री जलकर पूरी तरह खाक हो गई। इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित अभिषेक गर्ग ने दी पुलिस को जानकारी
पुलिस ने पीड़ित फैक्ट्री मालिक की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। मिलरगंज के आजाद नगर निवासी पीड़ित अभिषेक गर्ग ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि बिहारी चौक में उनकी 'अग्रवाल प्लास्टिक फैक्ट्री' के नाम से इंडस्ट्रियल यूनिट है। अभिषेक के अनुसार, बीते 18 मई को उनकी फैक्ट्री में चोरी की एक बड़ी वारदात हुई थी। इस मामले में उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी और जग्गा तथा रंग बहादुर नाम के शातिर व्यक्तियों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब से पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया था, तब से आरोपी बौखलाए हुए थे और उन्हें लगातार केस वापस लेने तथा ऐसा न करने पर अंजाम भुगतने की धमकियां दे रहे थे। पीड़ित ने बताया कि इन धमकियों के बीच ही 22 मई को दोपहर करीब 2:00 से 4:00 बजे के बीच उनकी फैक्ट्री में अचानक भयानक आग भड़क उठी। फैक्ट्री के भीतर भारी मात्रा में प्लास्टिक का सामान और कच्चा माल होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। जब तक आग पर काबू पाया जाता, पूरी फैक्ट्री जलकर राख के ढेर में तब्दील हो चुकी थी।
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें मार रही छापे
इस साजिश के कारण पीड़ित को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। अभिषेक गर्ग ने पुलिस को दिए अपने बयानों में स्पष्ट तौर पर शक जताया है कि उनकी फैक्ट्री में यह आग किसी तकनीकी खराबी या हादसे की वजह से नहीं लगी है, बल्कि चोरी के उन्हीं आरोपियों (जग्गा और रंग बहादुर) ने रंजिश के चलते उनकी फैक्ट्री को आग के हवाले किया है ताकि वे बदला ले सकें और उन पर दबाव बना सकें। फैक्ट्री मालिक के बयानों और पुख्ता शक के आधार पर साहनेवाल थाने की पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने नामजद आरोपी जग्गा और रंग बहादुर के खिलाफ तहत एक और नई एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के हौसले बुलंद हैं, लेकिन कानून के हाथ लंबे हैं। फरार चल रहे दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।

