Ludhiana : धीरेंद्र शास्त्री की कथा को लेकर Traffic Plan जारी, इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 06:09 PM (IST)
लुधियाना (सुरिंदर सन्नी) : बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा 26 से 30 सितंबर तक चंडीगढ़ रोड स्थित ग्लाडा ग्राउंड में 5 दिवसीय श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लाखों ही श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन स्थल पर ट्रैफिक व्यवस्था तथा पार्किंग प्रबंध को लेकर पुलिस विभाग द्वारा रूट और डायवर्शन प्लान जारी किया गया है, जो पांचों दिन जारी रहेगा और आवश्यकता होने पर मौके पर बदला भी जा सकेगा।
डायवर्शन प्लान के अनुसार दोपहर एक बजे से हैवी वाहनों को कोहाड़ा चौक से साहनेवाल की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। चंडीगढ़ पर कोहड़ा से आगे हैवी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इसी प्रकार जालंधर बाईपास चौक से चंडीगढ़ रोड की तरफ आने वाले हैवी वाहनों को समराला चौक से ट्रांसपोर्ट नगर, ओसवाल चौक, शेरपुर चौक, ग्यासपुरा चौक से होते हुए साहनेवाल, कोहाड़ा की तरफ भेजा जाएगा। पुलिस विभाग द्वारा जमालपुर चौक को भी डायवर्शन प्वाइंट बनाया गया है, जहां से हल्के वाहनों को मेट्रो रोड की तरफ भेजा जाएगा।
इसी प्रकार चंडीगढ़ रोड को लगती अन्य सड़कों पर सिर्फ हल्के वाहनों की आवाजाही की आज्ञा ही दी जाएगी। आम जनता के लिए पार्किंग प्रबंध मोहिनी रिजॉर्ट के साथ वाली पार्किंग, एवरेस्ट स्कूल तथा ग्लाडा ग्राउंड में पार्किंग का प्रबंध किया गया है। जबकि वी.आई.पीज. के लिए आयोजन स्थल के पास ही श्री राम दरबार मंदिर के बाहर पार्किंग होगी।


