पंजाब विजिलेंस का बड़ा एक्शन, SHO रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा
punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 10:22 AM (IST)
चंडीगढ़/जालंधर (धवन): पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने थाना धार कलां पठानकोट में स्टेशन हाऊस ऑफिसर (एस.एच.ओ.) के पद पर तैनात इंस्पेक्टर गुलशन कुमार को 2.5 लाख रुपए की मांगी गई रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को अमृतसर के एक सेवानिवृत्त एल.आई.सी. मैनेजर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्त्ता ने आरोप लगाया है कि जिला पठानकोट के गांव ढांगू सारा में स्थित उसके छोटे भाई के रेस्तरां ‘मधुबन’ में झगड़ा हुआ था। इस घटना में दोनों पक्षों के लोगों को मामूली चोटें आई थीं। इस संबंध में रेस्तरां के कर्मचारी कृष्णा और 3 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ थाना धार कलां में एफ.आई.आर. दर्ज की गई थी। इसमें शिकायतकर्त्ता का नाम भी एक संदिग्ध व्यक्ति के रूप में दर्ज किया गया था।
आरोप है कि थाना धार कलां के एस.एच.ओ. इंस्पेक्टर गुलशन कुमार ने शिकायतकर्त्ता का नाम मामले से हटाने के बदले 5 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्त्ता द्वारा अनुरोध किए जाने पर रिश्वत की राशि 2,50,000 रुपए किस्तों में अदा करने पर सहमति बनी, जिसमें से एक लाख रुपए पहली किस्त के रूप में दिए जाने थे। शिकायतकर्त्ता ने रिश्वत की मांग से संबंधित बातचीत भी रिकॉर्ड कर ली और विजिलेंस ब्यूरो रेंज अमृतसर से संपर्क किया।
उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो यूनिट पठानकोट की टीम ने 2 सरकारी गवाहों की उपस्थिति में आरोपी इंस्पैक्टर गुलशन कुमार को शिकायतकर्त्ता से एक लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

