बंबीहा गैंग पर Punjab Police का बड़ा प्रहार, Malaysia से डिपोर्ट कर 3 गैंगस्टर गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 09:28 AM (IST)
लुधियाना (राज): पंजाब में आतंक और दहशत फैलाने वाले विदेशी नेटवर्क पर पंजाब पुलिस ने एक और बड़ा अंतर्राष्ट्रीय स्ट्राइक किया है। बंबीहा गैंग के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पुलिस ने मलेशिया से गैंग के तीन सक्रिय और इनामी गुर्गों को डिपोर्ट करवाकर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जस बेहबल, अजय सिंह और पवनीदीप सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ पंजाब और पड़ोसी राज्यों में, फिरौती, हत्या के प्रयास और टारगेट किलिंग समेत कई जघन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
लुधियाना में चीनी हैंड ग्रेनेड ब्लास्ट की रची थी साजिश
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार किए गए अजय सिंह और पवनीदीप सिंह लुधियाना में हैंड ग्रेनेड ब्लास्ट की खौफनाक साजिश में मुख्य सूत्रधार रहे हैं। गौरतलब है कि नवंबर 2025 में लुधियाना पुलिस ने शहर में आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए कुछ युवकों को चीनी हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया था कि महानगर में भारी तबाही और दहशत फैलाने की इस पूरी साजिश का ताना-बाना मलेशिया में बैठे अजय सिंह और पवनीदीप सिंह ने ही बुना था। इसके बाद पंजाब पुलिस ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय के सहयोग से दोनों के डिपोर्टेशन की प्रक्रिया तेज की और आखिरकार उन्हें भारत लाने में सफलता हासिल की।
'ऑपरेशन प्रहार': 38 वांटेड गैंगस्टरों की सूची, 6 का हो चुका प्रत्यर्पण
विदेशी धरती से पंजाब में अपराध का नेटवर्क चलाने वाले गैंगस्टरों और आतंकियों के खिलाफ पंजाब पुलिस का अभियान लगातार रंग ला रहा है।
1. फरवरी 2026: पंजाब पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' शुरू कर विदेशों में पनाह लिए 38 मोस्ट वांटेड अपराधियों और गैंगस्टरों की प्रत्यर्पण सूची तैयार की।
2. जून 2026: खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) के दो आतंकियों गुरविंदर सिंह और मनजीत सिंह को मलेशिया से डिपोर्ट करवाकर गिरफ्तार किया गया।
3. जुलाई 2026: 'ऑपरेशन नोमैड हंट' के तहत मोस्ट वांटेड गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को इंडोनेशिया (जकार्ता) से भारत लाया गया।
4. अगस्त 2026: अब बंबीहा गैंग के तीनों गुर्गों जस बेहबल, अजय सिंह और पवनीदीप सिंह को मलेशिया से लाकर सलाखों के पीछे भेजा गया है।
पूछताछ में हो सकते हैं बड़े आतंकी व आपराधिक खुलासे
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। इनसे यह पता लगाया जाएगा कि मलेशिया में बैठकर वे पंजाब में किन-किन शूटरों और स्थानीय मददगारों के संपर्क में थे, उन्हें हथियार व फंड कहां से मुहैया करवाए जा रहे थे और उनके निशाने पर कौन-कौन से प्रमुख चेहरे थे। आने वाले दिनों में इनसे बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना है।

