कमल कौर भाभी हत्याकांड में आरोपी का बड़ा खुलासा, कहा- मैं हत्या नहीं करना चाहता था, लेकिन...
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 05:15 PM (IST)
बठिंडा (परमिंद्र): गत दिनों गिरफ्तार किए गए सोशल मीडिया एन्फ्लूएंसर कमल कौर भाभी उर्फ कंचन कुमारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों ने जांच के दौरान कहा कि उसे कंचन कुमारी की हत्या करने का पछतावा है व उक्त कत्ल वह करना नहीं चाहता था। पुलिस पूछताछ के दौरान उसने माना कि उक्त हत्या उससे अनजाने में ही हो गई जिसके बाद उसे फरार होना पड़ा।
डीएसपी सिटी-2 सरबजीत सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान अमृतपाल सिंह मेहरों ने माना है कि उसे इस हत्या का पछतावा है। उन्होंने बताया कि आम तौर पर हत्यारोपी इस प्रकार के पछतावे की बातें पूछताछ के दौरान करते ही होते हैं ताकि कानून या न्याय विभाग उनके साथ नर्मी से पेश आए। उन्होंने बताया कि आरोपी से और पूछताछ की जा रही है जिसमें हत्या को लेकर कई और अहम खुलासे होने के आसार हैं। गौरतलब है कि मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों उक्त कत्लकांड में पुलिस रिमांड पर है व उकत रिमांड की अवधि 15 अप्रैल को समाप्त होगी। उसके बाद आरोपी को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।

