LPU हिंसा की जांच में बड़ा खुलासा, रेप की अफवाह वाली छात्रा तक पहुंची पुलिस
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 09:52 PM (IST)
जालंधर : फगवाड़ा की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में 26 सितंबर को हुई हिंसा के मामले की जांच में पुलिस को अहम जानकारी मिली है। पुलिस ने उस Reddit पोस्ट के मूल सोर्स का पता लगा लिया है, जिसके बाद यूनिवर्सिटी में छात्रा से रेप की कथित सूचना को लेकर छात्रों में रोष फैल गया था। पुलिस के मुताबिक, यह पोस्ट LPU की फर्स्ट ईयर की एक छात्रा ने अपलोड की थी। SIT के सामने छात्रा ने बताया कि उसने पोस्ट में जो जानकारी लिखी थी, वह सुनी-सुनाई बातों पर आधारित थी। छात्रा के अनुसार, उसका मकसद सोशल मीडिया पर अपनी राय रखना था।
हिंसा मामले में 3 और छात्र गिरफ्तार
इसी मामले में कपूरथला पुलिस ने 7 अक्टूबर को 3 और छात्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों को अलग-अलग स्थानों से काबू किया। गुरुवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार छात्रों की पहचान महाराष्ट्र निवासी बिश्या, बिहार निवासी कृष्णा और राजस्थान निवासी योगेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों LPU के छात्र हैं। पुलिस अब तक इस मामले में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

