मॉडल टाउन हिट एंड रन केस में आया बड़ा मोड़, रील और स्टंटबाजी के चक्कर में 12वीं का छात्र बना काल

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 03:16 PM (IST)

लुधियाना (राज) : महानगर के सबसे पॉश इलाके मॉडल टाउन के चार खंभा चौक पर शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली हरप्रीत कौर (53) को बेरहमी से कुचलकर मार डालने वाले मामले में एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। जिस बेकाबू स्विफ्ट डिजायर कार ने महिला हरप्रीत कौर को मौत के घाट उतारा था, उसका ड्राइवर कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि अब्दुल्लापुर बस्ती का रहने वाला 12वीं का छात्र निकला, जो सड़क पर स्टंट और रील बनाने के चक्कर में किसी का काल बन गया। पुलिस ने आरोपी छात्र को काबू कर लिया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार को बरामद कर लिया है।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी किशोर सुबह-सुबह खाली सड़क देखकर गाड़ी से रील और स्टंटबाजी का शौक पूरा कर रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे सुरक्षित टहल रही हरप्रीत कौर और उनकी सहेली प्रीति (50) को पीछे से उड़ा दिया। लाइव वीडियो में दिख रहा खौफनाक मंजर बयां करता है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रीति दूर जा गिरी, लेकिन हरप्रीत कौर कार के नीचे फंस गई। बेरहम छात्र ने गाड़ी रोकने की बजाय एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार का भारी टायर महिला के सिर और छाती को कुचलते हुए गुजर गया। घसीटे जाने के कारण महिला के शरीर की तमाम हड्डियां चकनाचूर हो गई थीं और अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।

बेटे को बचाने के लिए पिता ने मिटाए सबूत, गाड़ी भी राजस्थान भेजी 

इस दर्दनाक हादसे के बाद आरोपी के पिता ने अपने बेटे की करतूत छुपाने के लिए, कानून की आंखों में धूल झोंकने और सबूत मिटाने की घिनौनी साजिश रची। टक्कर के कारण कार का जो अगला शीशा टूट गया था, उसे पिता ने तुरंत दुगरी इलाके की एक दुकान पर ले जाकर बदलवा दिया ताकि पुलिस गाड़ी को ट्रेस न कर सके। इसके बाद गाड़ी को चुपचाप पंजाब से बाहर राजस्थान भेज दिया था ताक कार पकड़ी ना जाए।

सात जगह बिक चुकी है गाड़ी, जांच कर पुलिस असली आरोपी तक पहुंची 

इस हाई-प्रोफाइल केस को सुलझाने में मृतका के भतीजे दीप ने पुलिस से भी कदम आगे बढ़ाकर काम किया। परिजनों ने अपने स्तर पर प्राइवेट जांच और आरटीओ रिकॉर्ड खंगाले तो पता चला कि यह स्विफ्ट डिजायर कार अब तक 7 बार बिक चुकी थी और आरोपी इसका 8वां मालिक था। भतीजे दीप ने जब गाड़ी का ऑनलाइन फास्टैग अकाउंट चेक करवाया, तो पता चला कि वारदात के बाद गाड़ी ने कई टोल प्लाजा पार किए हैं और उसकी आखिरी लोकेशन राजस्थान आ रही थी। परिवार ने तुरंत यह पुख्ता इनपुट पुलिस को दिया, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर राजस्थान से गाड़ी बरामद की और आरोपी किशोर को अब्दुल्लापुर बस्ती से दबोच लिया।

मासूम बेटी की डोली उठे अभी कुछ दिन ही हुए थे, सहेली की हालत नाजुक 

गौरतलब है कि मृतका हरप्रीत कौर के पति शहर के जाने-माने प्रॉपर्टी कारोबारी हैं। परिवार की इकलौती बेटी की अभी कुछ ही समय पहले बड़े चाव से शादी हुई थी। घर से अभी शगुन की मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था कि इस रील के चक्कर में हुए कत्ल ने खुशियों को मातम में बदल दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हरप्रीत की सहेली प्रीति अभी भी दीप अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।

मॉडल टाउन पुलिस का बेटे पर एक्शन, पिता पर भी गिर सकती है गाज

थाना मॉडल टाउन पुलिस का कहना है कि आरोपी किशोर है जोकि 12वीं का छात्र है, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और राजस्थान से गाड़ी रिकवर करके लुधियाना लाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक्सीडेंट की लाइव वीडियो और फास्टैग का डेटा कोर्ट में मुख्य सबूत के तौर पर पेश किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, एक्सीडेंट के बाद गाड़ी छुपाने और सबूत मिटाने के आरोप में आरोपी छात्र के पिता पर भी गाज गिर सकती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News