किसानों के लिए फायदेमंद है गेंदे के फूल की खेती

punjabkesari.in Tuesday, Jan 24, 2017 - 03:15 PM (IST)

होशियारपुर (अमरेन्द्र): होशियारपुर के कंडी इलाकों के गांवों के साथ-साथ पूरे पंजाब में किसान इन दिनों नकदी फसल होने की वजह से गेंदे फूल की खेती तो करते हैं, लेकिन अभी भी मांग के हिसाब से पंजाब में गेंदे के फूल की कमी की भरपाई दिल्ली के फ्लावर मार्कीट से ही होती है। कृषि अधिकारियों की मानें तो किसान यदि फूलों की खेती करें तो चुनावी मौसम के बाद भी गेंदे के फूलों की खेती कर अच्छी खासी कमाई कर सकते हैं। खासकर गेंदे के फूलों की खेती किसानों के लिए काफी लाभप्रद होगी। क्योंकि सजावट, धार्मिक अनुष्ठान व मंदिरों में अधिकांश इसी फूल का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी आपूर्ति के लिए किसानों को अभी से तैयारी करने की जरूरत है।

गेंदे के फूल की कई प्रजातियां

कृषि माहिरों के अनुसार गेंदे फूल की मोटे तौर पर दो प्रजातियां हमारे यहां पाई जाती हैं। एक प्रजाति को अफ्रीकन तथा दूसरी को फ्रेंच प्रजाति कहा जाता है। फ्रेंच प्रजाति का इस्तेमाल शौकिया बागवानी के लिए किया जाता है। अफ्रीकन प्रजाति के तहत पूसा बसंती और पूसा नारंगी 2 वैरायटी लोकप्रिय हैं। पूसा बसंती गेंदा पीला तथा पूसा नारंगी गेंदा नारंगी रंग का होता है। बाजार में पीले व नारंगी दोनों रंगों वाले गेंदे की मांग काफी रहती है।

खेत में खाली स्थान पर उगाएं फूल 

कृषि माहिरों के अनुसार इन दिनों सब्जी की उपज करने वाले खेत खाली पड़े हैं या खाली होने वाले हैं। खासकर ऐसे खेतों में जहां गोभी या गाजर की खेती हो रही है। खेतों के खाली होने पर किसान यदि चाहें तो इनमें गेंदे के फूल उगा सकते हैं। इसके लिए पौधे बनाने की प्रक्रिया अभी से ही शुरू करनी होगी। एक हैक्टेयर खेत के लिए करीब सवा किलोग्राम बीज की आवश्यकता होगी। बीज बोने के करीब 25 दिन बाद पौधे बनकर तैयार हो जाएंगे। इन पौधों की तैयार खेतों में रोपाई करने के करीब 50 दिन बाद गेंदे के फूल की फसल तैयार हो जाएगी। 

ऐसे करें बुवाई

बीज की बुवाई से पहले नर्सरी तैयार करना जरूरी है। बुवाई के लिए बेड बनाना आवश्यक है। इसके लिए जमीन से करीब 15 सैंटीमीटर उठी हुई जगह तैयार करें। इस जगह को मिट्टी से भरें। बेड एक मीटर चौड़ा और 5 से 6 मीटर लंबा होना चाहिए। अब 5 सैंटीमीटर के अंतराल पर इसमें बीज डालें। बुवाई डेढ़ सैंटीमीटर गहरी होनी चाहिए।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Related News