नेशनल हाईवे पर धू-धू कर जली थार, बाल-बाल बचे पति-पत्नी
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 10:44 AM (IST)
भवानीगढ़ (कांसल): स्थानीय शहर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे नंबर-7 पर गांव चन्नो के पास बीती देर रात एक थार गाड़ी में अचानक आग लग गई, जिससे गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। गाड़ी में सवार पति-पत्नी समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा फोर्स के सहायक सब-इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि देर रात करीब 12:30 बजे परम मित्तल पुत्र जतिंदर कुमार निवासी संगरूर अपनी पत्नी के साथ चंडीगढ़ से थार गाड़ी में वापस संगरूर लौट रहे थे।
जब वे गांव चन्नो के पास स्टीलमैनज पब्लिक स्कूल के नजदीक पहुंचे तो गाड़ी का ए.सी. अचानक बंद हो गया। अधिक गर्मी होने के कारण उन्होंने गाड़ी सड़क किनारे रोककर जांच करनी चाही, लेकिन इसी दौरान थार में अचानक आग लग गई। सहायक सब-इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई।
मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही संगरूर और पटियाला से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक थार गाड़ी पूरी तरह जलकर लोहे का ढांचा बन चुकी थी। गनीमत रही कि ए.सी. खराब होने के बाद परम मित्तल और उनकी पत्नी गाड़ी से बाहर निकल आए थे, जिसके कारण दोनों इस हादसे में सुरक्षित बच गए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

