लुधियाना में कार सवार ने नाबालिग युवती को सरेआम मारे थप्पड़, CCTV में कैद हुई पूरी घटना
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 01:05 PM (IST)
लुधियाना: शहर की गोल्डन कॉलोनी में एक नाबालिग लड़की के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार चालक को जब लड़की ने गाड़ी संभालकर चलाने के लिए कहा तो वह भड़क गया। इसके बाद आरोपी ने लड़की का पीछा किया और गली में पहुंचकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी कार लेकर काफी देर से उसका पीछा कर रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर कार लड़की के बेहद करीब लाकर उसे टक्कर मारने की कोशिश की। लड़की ने किसी तरह खुद को बचाया और कार चालक से गाड़ी सावधानी से चलाने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात पर आरोपी गुस्से में आ गया और कार रोककर लड़की से बहस करने लगा। CCTV फुटेज में आरोपी को दो लड़कियों के पीछे आते हुए देखा जा सकता है। दोनों लड़कियां गली के चौराहे के पास रुकती हैं, जहां आरोपी भी पहुंच जाता है। इसके बाद वह एक लड़की के साथ बहस करता है और अचानक उस पर हाथ उठाना शुरू कर देता है।
37 सेकेंड में 13 थप्पड़, दो बार बाल खींचे
सामने आए दो CCTV फुटेज में मारपीट की घटना रिकॉर्ड हुई है। एक फुटेज में आरोपी करीब 19 सेकेंड के दौरान लड़की को कई थप्पड़ मारता और उसके बाल खींचता नजर आ रहा है। दूसरे फुटेज में भी वह लड़की के साथ मारपीट करता दिखाई देता है। लड़की खुद को बचाने की कोशिश करती रही। इस दौरान लड़की के साथ मौजूद महिला ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह नहीं रुका। बाद में एक बुजुर्ग भी मौके पर पहुंचे और लड़कियों को वहां से जाने के लिए कहा। मारपीट के दौरान लड़की जमीन पर गिरने से भी बाल-बाल बची।
घर पहुंचकर मां को बताई पूरी घटना
घटना के बाद 16 वर्षीय पीड़िता सहमी हुई हालत में घर पहुंची और अपनी मां गुड़िया देवी को पूरी बात बताई। परिवार के मुताबिक, लड़की घटना के बाद काफी डरी हुई है। पीड़िता की मां ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
CCTV के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस
शिकायत मिलने के बाद थाना टिब्बा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर कार के नंबर और आरोपी की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

