Big News: MLA रमन अरोड़ा कोर्ट में पेश, मिला इतने दिनों का रिमांड
punjabkesari.in Saturday, May 24, 2025 - 07:44 PM (IST)

जालंधर (मृदुल/भारद्वाज,जतिंदर) विजिलैंस ब्यूरो द्वारा गिरफ्तार किए ‘आप’ विधायक रमन अरोड़ा को जालंधर के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान विजिलैंस ने कोर्ट से 10 दिनों के रिमांड की मांग की थी, लेकिन उन्हें 5 दिन का रिमांड मिला है।
भ्रष्टाचार के मामले में कुछ दिन पहले गिरफ्तार किए गए नगर निगम के एटीपी सुखदेव वशिष्ठ के मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में जालंधर सेंट्रल के विधायक रमन अरोड़ा को भी गत दिवस विजिलेंस पुलिस ने शिकंजा कसते हुए देर शाम छापेमारी के दौरान उनकी गिरफ्तारी बताई गई थी। इस दौरान विधायक के घर से डेढ़ किलो सोना, संपत्ति के दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इस मामले में विधायक रमन अरोड़ा को आज जेएमआईसी ड्यूटी मजिस्ट्रेट रीत वरिंदर सिंह धालीवाल की अदालत में पेश किया गया।
जहां विजिलेंस पुलिस व सरकारी वकील ऋषि भारद्वाज ने जहां अदालत से 10 दिन का रिमांड मांगा था, वहीं माननीय अदालत ने बचाव पक्ष के वकील दर्शन दयाल व नवीन चड्ढा, विजय भूषण मेहता व सार्थक अरोड़ा की दलीलें सुनने के बाद 5 दिन का रिमांड देने का आदेश दिया। अब विधायक रमन अरोड़ा को 29 मई को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। यहां यह उल्लेखनीय है कि बचाव पक्ष के वकील दर्शन दयाल व विजय भूषण मेहता ने विजिलेंस पुलिस द्वारा विधायक रमन अरोड़ा की मेडिकल जांच करवाने संबंधी भी अदालत में अर्जी दायर की थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया है। और अदालत ने विधायक को 24 घंटे के अंदर मेडिकल जांच करवाने के आदेश दिए हैं। वहीं, वकील सार्थक अरोड़ा और विजय भूषण मेहता की ओर से भी एक अर्जी दाखिल की गई है, जिसमें विधायक रमन अरोड़ा को उन्हें मिलने को कहा गया है। जिस पर सुनवाई 29 मई तक के लिए स्थगित कर दी गई है।