मोगा में प्रवासियों पर फायरिंग करने वाले शूटरों का एनकाउंटर
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 10:50 AM (IST)
मोगा (कशिश): मोगा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां 10 फरवरी को 2 प्रवासियों को गोलियां मारने वाले आरोपियों का एनकाउंटर कर दिया गया है। मोगा पुलिस और सी.आई.ए. स्टाफ द्वारा की गई इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को भी काबू कर लिया गया है।
गौरतलब है कि 10 फरवरी को हुई इस फायरिंग में 2 आरोपियों ने प्रवासी मजदूरों पर गोलियां चला दी थी, जिस कारण 2 मजदूर घायल हो गए थे। ये दोनों मजदूर बिहार से पंजाब आए हैं और मोगा की एक फैक्ट्री में काम करते हैं।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे 10 फरवरी को प्रवासियों पर हुई फायरिंग के बाद से ही इन आरोपियों की तलाश में थे और इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उक्त आरोपी घल्ल कलां इलाके में घूम रहे हैं। जब पुलिस टीम उन्हें काबू करने के लिए इलाके में आई, तो उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
उन्होंने आगे बताया कि जवाबी कार्रवाई के दौरान, जोबनप्रीत नाम का एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी आकाशदीप ने भागने की कोशिश की, तो पुलिस ने उसे भी काबू कर लिया। इस दौरान पुलिस ने घटना के दौरान इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद कर लिया है।
उन्होंने कहा कि इन दोनों ने ही प्रवासियों पर फायरिंग की थी और दोनों विदेशी हैंडलर के इशारे पर पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सिविल अस्पताल ले जाया गया है और इस मामले में अन्य आरोपियों के शामिल होने की भी जांच की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

