मोगा में सरेआम फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 03:04 PM (IST)
पंजाब डेस्कः मोगा में दिनदहाड़े सरेआम फायरिंग की घटना सामने आई है। जीरा रोड पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति पर अचानक गोलियां चला दीं, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और युवक पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

