मोहाली में सनसनीखेज वारदात, नाबालिग भतीजे ने चाचा की हत्या की, भतीजी पर रखता था बुरी नजर

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 10:22 AM (IST)

मोहाली:  मोहाली में किराए के कमरे में रहने वाला चाचा शराब पीकर अपनी भतीजी के साथ अक्सर गाली-गलौच करता था और उस पर गलत नजर रखता था। इस बात को लेकर नाबालिग भतीजा चाचा से झगड़ा करता रहता था, लेकिन जब वह फिर भी नहीं माना तो गुस्से में आकर भतीजे ने अपने ताऊ के बेटे और एक नाबालिग दोस्त को बुलाकर चाचा की छाती में किरच (नुकीले हथियार) मारकर उसकी हत्या कर दी।

मृतक की पहचान दयाल सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 5–6 महीनों से आनंद सिंह के पास रह रहा था, जो शादी-पार्टियों में वेटर का काम करता था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में दो नाबालिग हैं, जबकि बालिग आरोपी की पहचान दीपक सिंह के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी-1 पृथ्वी सिंह ने बताया कि गांव मोहाली स्थित बिल्डिंग मालिक दीपक खन्ना ने पुलिस को सूचना दी थी कि उन्होंने बिल्डिंग के कमरा नंबर 9 और 10 आनंद सिंह निवासी गांव तलवाड़ी खालसा, जिला चमोली (उत्तराखंड) को किराए पर दिए थे, जो अपने परिवार सहित वहां रहता है।

उन्होंने बताया कि दयाल सिंह शराब पीकर अपने भाई आनंद सिंह की बेटी के साथ गाली-गलौच करता था और उस पर गलत नजर रखने लगा था। इसी कारण आनंद सिंह का नाबालिग बेटा दयाल सिंह से झगड़ा करता था। उन्होंने बताया कि पहले रात को दयाल सिंह और आनंद सिंह के बेटे के बीच जमकर कहासुनी हुई। इसके बाद आनंद सिंह के बेटे ने अपने ताऊ के बेटे दीपक सिंह और एक अन्य नाबालिग दोस्त को कमरे में बुला लिया और फिर दयाल सिंह की छाती में किच मारकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस : डीएसपी
डीएसपी ने बताया कि इस संबंध में थाना फेज-1 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103, 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान थाना फेज-1 मोहाली के प्रभारी सुखबीर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी दीपक सिंह को सोमवार को गिरफ्तार किया और पूछताछ के बाद दोनों नाबालिग आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि जब हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया, उस समय लड़की मौके पर मौजूद थी या नहीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News