रात को पति से की वीडियो कॉल, सुबह खेतों में मिला शव

punjabkesari.in Tuesday, Jun 04, 2019 - 02:50 PM (IST)

श्री मुक्तसर साहिब(तनेजा): थाना लक्खेवाली पुलिस अधीन पड़ते गांव मदरस्सा में  एक नौजवान महिला की लाश मिली, जिसकी चुनरी से गला घोंटकर हत्या की गई थी।जानकारी के अनुसार सोमा रानी पुत्री राम सिंह जोकि लगभग 4 साल पहले जलालाबाद हलके के गांव पन्नीवाला में शिंदरपाल सिंह पुत्र बलवीर सिंह के साथ विवाहित थी और उनकी अढ़ाई साल की एक लड़की भी है। 3 माह पहले ससुराल परिवार से उसकी अनबन हो गई थी और तब से वह अपने मायके गांव मदरस्सा में रह रही थी। पंचायतें भी हुईं बात थाने तक भी पहुंची, लेकिन अभी तक कोई समझौता नहीं हुआ था। 

मृतक महिला के पिता राम सिंह ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि गत रात्रि सोमा रानी के पति शिंदरपाल सिंह ने उसे वीडियो कॉल की और उससे काफी समय तक बातें भी कीं। इस दौरान हम तो सो गए। हमें तो सुबह के समय लोगों ने बताया कि आपकी लड़की की लाश खेतों में पड़ी है। थाना लक्खेवाली पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई व मलोट से एस.पी.डी. इकबाल सिंह व डी.एस.पी. भूसिंदर सिंह ने आकर मौके पर जांच आरंभ कर दी। पुलिस एक बार सोमा के पति शिंदरपाल सिंह को काबू करके ले गई थी, लेकिन अधिकारियों का कहना था कि असली कातिल कौन है यह तो पड़ताल के बाद ही पता चलेगा और जांच जारी है। 

उल्लेखनीय है कि उक्त महिला की लाश मदरस्सा गांव से रत्तोथेड़ा जाने वाली सड़क पर भट्ठों के नजदीक खेतों में पड़ी मिली था व उसका चुन्नी से गला दबाया हुआ था, जिसे पुलिस ने खोला। सोमा रानी के 6 बहन-भाई हैं जिनमें तीन विवाहित व बाकी कुंवारे हैं।पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। लक्खेवाली की थाना मुखी बेअंत कौर किसी कार्य से चंडीगढ़ गई हुई हैं व उनकी जगह पड़तालिया अधिकारी किसी और को लगाया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News