काला चीमा हत्याकांड : अपना ही निकला कातिल, गद्दारी से टूटा परिवार
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 05:28 PM (IST)
धनौला/बरनाला(विवेक सिंधवानी): करीब 6 महीने पहले धनौला के निवासी काला चीमा की हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने के बाद पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। आज परिवार ने मीडिया के माध्यम से जिला पुलिस प्रशासन और प्रैस का विशेष धन्यवाद किया, जिन्होंने इस 'अंधे कत्ल' की गुत्थी को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भतीजों को पाला, उन्होंने ही उजाड़ा घर
मृतक काला चीमा के पिता गुरमेल सिंह और माता भजन कौर ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे के हत्यारों की तलाश की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। लेकिन जब सच्चाई सामने आई कि घर के ही सदस्य कातिल निकले, तो उनके हृदय छलनी हो गए। माता तेज कौर ने बिलखते हुए बताया कि उन्होंने अपने भतीजे गुरप्रीत सिंह को अपने तीसरे बेटे की तरह पाला-पोसा था लेकिन पैसे के लालच में अंधा होकर उसने उनके बेटे की जान ले ली।
पुलिस प्रशासन का किया धन्यवाद
मृतक की पत्नी अमरजीत कौर और पुत्र तेज सिंह ने एस.एस.पी. बरनाला मोहम्मद सरफराज आलम, डी.एस.पी. बरनाला, सी.आई.ए. स्टाफ प्रभारी बलजीत सिंह और एस.एच.ओ. धनौला लखबीर सिंह का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की बारीकी से की गई जांच के कारण ही आज असली चेहरे बेनकाब हो सके हैं। परिवार पुलिस की अब तक की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट नजर आया।
आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग
पीड़ित परिवार ने प्रशासन और माननीय अदालत से पुरजोर मांग की है कि इस हत्याकांड के पीछे के असली कारणों और साजिश की और गहराई से जांच की जाए। उन्होंने मांग की है कि तीनों आरोपियों को उनके जघन्य अपराध के लिए फांसी की सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अपनों के विश्वास का इस तरह कत्ल न कर सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

