बेटे ने मां के साथ मिलकर पिता पर किया जानलेवा हमला, रातभर आंगन में तड़पता रहा और सुबह…
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 12:19 PM (IST)
अबोहर: यहां कुंडल गांव में बीती देर रात उस समय एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब बेटे ने अपनी मां के साथ मिलकर पिता पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति बुरी तरह लहूलुहान हो गया। सुबह पड़ोसियों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
घायल व्यक्ति हरपाल सिंह पुत्र गुरदीप सिंह ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे, पत्नी और कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर हमला किया। हमले की वजह जमीन को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। हरपाल सिंह ने बताया कि उसकी करीब 15 एकड़ जमीन है, जिसे वह ठेके पर देता है, लेकिन उसकी पत्नी और बेटा चाहते हैं कि जमीन का ठेका उनके पास रहे। इसी बात को लेकर अक्सर घर में झगड़ा होता रहता था।
बीती रात भी ठेके के पैसों को लेकर विवाद हुआ। हरपाल के मुताबिक, रात करीब 12 बजे जब वह आंगन में सो रहा था, तभी उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। वह पूरी रात दर्द से तड़पता रहा और सुबह पड़ोसियों ने उसे खून से लथपथ हालत में देखकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं अस्पताल में मौजूद हरपाल के बेटे खुशप्रीत ने कथित तौर पर माना कि उसने अपनी मां के साथ मिलकर पिता पर हमला किया।हमले की वजह बताते हुए खुशप्रीत ने कहा कि उसका पिता अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा करता था और उन्हें सोने नहीं देता था। उसने आरोप लगाया कि घटना वाली रात पिता उसके कमरे में आया, उसके मुंह पर थूका और विरोध करने पर उसका कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारे और गाली-गलौज की।

