कनाडा से आए युवक की रहस्यमयी हालातों में मौ/त, पड़ोसियों के घर से मिला श/व
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 03:16 PM (IST)
मोगा (आजाद) : मोगा जिले के कस्बा अजीतवाल में कनाडा से आए माता-पिता के इकलौते बेटे गुरदीप सिंह गैरी (19) की रहस्यमयी परिस्थितियों में मृत्यु होने का मामला सामने आया है, जिसका शव उनके पड़ोसियों के घर से मिला जबकि मृतक की माता कुलदीप कौर ने आरोप लगाया कि उसके इकलौते बेटे की हत्या की गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना अजीतवाल के प्रभारी भलविन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक युवक के पिता कर्मजीत सिंह निवासी अजीतवाल के बयानों पर मनदीप कौर तथा मनप्रीत सिंह निवासी अजीतवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों ने कहा कि गुरदीप सिंह गैरी अपनी माता कुलदीप कौर के साथ करीब 3 माह पहले ही कनाडा से वापस आया था।
मृतक युवक की माता कुलदीप कौर ने कहा कि उसका बेटा करीब 2 साल पहले कनाडा गया था और हम जब इंडिया वापस आए, तो मेरा बेटा घर की बजाए पड़ोस में रहने वाली महिला मनदीप कौर के घर चला गया। उसने कहा कि उक्त महिला मनदीप कौर मेरे बेटे को एयरपोर्ट से सीधे अपने घर ले गई और हमें मिलने भी नहीं दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उक्त महिला ने उसे अपने प्रभाव में ले लिया और उसे अपने घर में रोके रखा और उसके साथ हमें बातचीत करने का मौका भी नहीं मिला और उन्होंने उसके पास जो पैसे थे वह भी अपने पास रख लिए।
कुलदीप कौर ने कहा कि घटना वाले दिन उसके बेटे द्वारा कोई जहरीली दवाई निगलने की हमें जानकारी मिली थी और हमें बुलाया गया था। जब हम वहां पहुंचे, तो मेरे बेटे की मृत्यु हो चुकी थी। थाना प्रभारी भलविन्द्र सिंह ने कहा कि मृतक युवक का डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट आने पर मृत्यु के असली कारणों का पता चल पाएगा। अभी तक यह मृत्यु कैसे हुई, यह रहस्य बनी हुई है। जल्दी ही पता चल पाएगा। मृतक के माता कुलदीप कौर ने जिला पुलिस अधीक्षक से इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा कि हमें इंसाफ दिया जाए। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने कथित आरोपी महिला मनदीप कौर को हिरासत में ले लिया, लेकिन अभी पुष्टि नहीं की गई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

