खन्ना में मजदूरों का हंगामा, नेशनल हाईवे जाम कर जताया विरोध, यातायात प्रभावित
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 12:40 PM (IST)
खन्ना (बिपन): खन्ना में एक निजी फैक्ट्री के सैकड़ों मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। यह धरना मंजी साहिब के पास फैक्ट्री के बाहर जीटी रोड पर लगाया गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया।
कम वेतन और बदसलूकी के लगाए आरोप
जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री इलाके की बड़ी औद्योगिक इकाइयों में से एक है, जहां हजारों मजदूर काम करते हैं। मजदूरों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन उनके साथ अन्याय कर रहा है। उनका कहना है कि नियमों के अनुसार 8 घंटे की ड्यूटी होनी चाहिए, लेकिन उनसे जबरन 10 से 11 घंटे तक काम करवाया जाता है। इसके अलावा कम वेतन और बदसलूकी के भी आरोप लगाए गए हैं। धरने में बड़ी संख्या में महिला मजदूर भी शामिल हुईं, जिन्होंने अपने हकों के लिए जोरदार नारेबाजी की। मजदूरों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे अपना संघर्ष और तेज करेंगे। उनका कहना है कि वे लंबे समय से समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही।
जीटी रोड पर काफी देर तक यातायात रहा प्रभावित
दूसरी ओर, फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मजदूरों को समझाने की कोशिश की। प्रबंधन का कहना है कि मामले को बातचीत से सुलझाया जा सकता है, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे और जाम हटाने से इनकार कर दिया। इस घटना के चलते जीटी रोड पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। खबर लिखे जाने तक मजदूरों का धरना जारी था और मामले के समाधान के लिए बातचीत चल रही थी। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो वे आंदोलन को और बड़े स्तर पर ले जाएंगे।

