लड़की ने मांगी माफी...जोड़े हाथ...! Ludhiana में रील बना रही थी मां-बेटी, मौके पर पहुंचे निहंग सिंह
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 02:21 PM (IST)
लुधियाना (राज): शहर के प्रसिद्ध रखबाग में सोशल मीडिया के लिए रील बना रही मां-बेटी को निहंग सिंहों द्वारा रोके जाने का मामला सामने आया है। निहंगों ने सार्वजनिक पार्क में डांस करने और लड़की के पहनावे (स्लीवलेस ड्रेस) पर कड़ा एतराज जताते हुए दोनों को फटकार लगाई। हालांकि, बाद में मां-बेटी द्वारा हाथ जोड़कर माफी मांगने पर निहंगों ने उन्हें चेतावनी देकर जाने दिया।

जानकारी के अनुसार, रील बना रही मां-बेटी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की रहने वाली हैं और हाल ही में पंजाब आई थीं। रविवार को वे अपने रिश्तेदारों के साथ घूमने के लिए रखबाग पहुंची थीं। इस दौरान युवती ने स्लीवलेस टॉप और लहंगा पहना हुआ था। पार्क में घूमते समय दोनों सोशल मीडिया के लिए डांस रील बनाने लगीं।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे निहंगों की नजर डांस कर रही मां-बेटी पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत उन्हें रोक दिया। निहंगों ने कहा कि पार्क लोगों के बैठने और सैर-सपाटे के लिए होते हैं, इस तरह खुलेआम नाच-गाने और रील्स बनाने के लिए नहीं। लड़की की स्लीवलेस ड्रेस पर आपत्ति जताते हुए निहंगों ने कहा कि पंजाब की पवित्र धरती पर इस तरह की अश्लीलता और नग्नता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "अगर गुड़ दिखेगा तो मक्खियां तो बैठेंगी ही।"
निहंगों के सख्त रवैये को देखकर मां-बेटी ने तुरंत डांस बंद कर दिया और उनसे हाथ जोड़कर माफी मांगी। इसके बाद निहंगों ने उनका मोबाइल फोन चेक किया और जो भी वीडियो शूट की गई थी, उसे मौके पर ही डिलीट करवा दिया। निहंगों ने उन्हें भविष्य में पार्कों में इस तरह का व्यवहार न करने की हिदायत दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है जो तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

