बिल आया ज्यादा तो घबराने की जरूरत नहीं! PSPCL ने जारी किए नए आदेश
punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 11:28 PM (IST)
पंजाब डैस्क : पंजाब में मीटर रीडरों की हड़ताल और बिलिंग सिस्टम में बदलाव के कारण बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। बताया जा रहा है कि अब गलत या अनुमानित बिल बकाया होने के आधार पर बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने इस संबंध में अपने सभी संबंधित जोन के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि जिन उपभोक्ताओं के बिल गलत या ज्यादा राशि के बने हैं, उनके कनेक्शन फिलहाल डिफॉल्ट के आधार पर न काटे जाएं।
दरअसल, मीटर रीडरों की हड़ताल और पुराने SAP/Non-SAP सिस्टम से Oracle आधारित SBS सिस्टम में बदलाव के दौरान कई उपभोक्ताओं के मीटर की रीडिंग नहीं हो सकी। ऐसे में कई जगह औसत या अनुमानित खपत के आधार पर बिल तैयार किए गए। जिसके चलते कुछ उपभोक्ताओं के बिल वास्तविक खपत से काफी ज्यादा बन गए। सिस्टम में यही राशि बकाया के तौर पर दिखाई देने लगी और कनेक्शन काटने की कार्रवाई का खतरा पैदा हो गया था।
अब PSPCL ने स्पष्ट किया है कि जब तक SBS सिस्टम पूरी तरह स्थिर नहीं हो जाता और गलत या बढ़े हुए बिलों को ठीक नहीं किया जाता, तब तक ऐसे मामलों में कनेक्शन नहीं काटे जाएंगे। सरकार की ओर से पहले बताया गया था कि 63,702 ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान की गई है, जिन्हें सब्सिडी का लाभ नहीं मिल पाया था। इनके बिल दोबारा जारी किए जाने की बात कही गई है।
यानी जिन उपभोक्ताओं के हाथ में अचानक भारी-भरकम बिजली बिल पहुंचा और उन्हें कनेक्शन कटने की चिंता सता रही थी, उन्हें फिलहाल राहत मिल गई है। PSPCL ने फील्ड अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।

