रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! अब 3 जुलाई से पठानकोट से रोजाना चलेंगी 7 ट्रेनें

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 06:13 PM (IST)

पंजाब डैस्क : जम्मू डिवीजन के डीआरएम विवेक कुमार ने बताया कि 3 जुलाई से पठानकोट से चलने वाली सभी कांगड़ा वैली नैरो गेज ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल पठानकोट से केवल 2 ट्रेनें संचालित हो रही हैं। डीआरएम ने पठानकोट कैंट स्टेशन पर कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरो गेज ट्रेनों के संचालन और रखरखाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

डीआरएम ने बताया कि वर्तमान में पठानकोट और बैजनाथ के बीच 2 जोड़ी ट्रेनें चल रही हैं, जिन्हें प्रत्येक शुक्रवार रखरखाव कार्य के कारण बंद रखा जाता है। 3 जुलाई से 7 जोड़ी ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा, क्योंकि ट्रैक और अन्य रखरखाव कार्य पूरे हो चुके हैं। इस रेल सेवा के नियमित संचालन से हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और शक्तिपीठों के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

डीआरएम ने यह भी जानकारी दी कि नूरपुर रोड रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए 8.2 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार के रूप में पहचाने जाने वाले नूरपुर रोड स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने जस्सूर तक रेल सेवा को भी जल्द दोबारा शुरू करने का भरोसा दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News