अब स्कूलों में पंजाबी भाषा में दी जाएगी विज्ञान तथा तकनीक की जानकारी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 02, 2022 - 11:22 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब में भारत सरकार के राष्ट्रीय स्तर के संगठन, विज्ञान प्रसार के साथ विज्ञान व तकनीक परिषद पंजाब राज्य ने एक एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर किए हैं जिसके तहत पंजाबी भाषा में विज्ञान तथा तकनीक की जानकारी देने के लिए 3 वर्षों तक इस प्रोजैक्ट को चलाया जाएगा।

इस प्रोजैक्ट के तहत विज्ञान/वातावरण से संबंधित पुस्तकों को प्रकाशित करवाना, उनका अनुवाद करवाना, क्षमता निर्मित वर्कशॉपों का आयोजन करना, विद्यार्थियों के लिए विज्ञान/वातावरण से संबंधित जागरूकता पैदा करने के लिए लघु फिल्में बनाना आदि शामिल हैं। इस प्रोजैक्ट के तहत मैगजीन तथा अन्य सॉफ्ट/हार्ड संसाधन सामग्री भी तैयार की जाएगी।
इस प्रोजैक्ट के तहत सभी 11 आदर्श स्कूलों जिसे पंजाब राज्य शिक्षा बोर्ड द्वारा चलाया जाता है, के अलावा सभी सरकारी स्कूलों पर लागू किया जाएगा। इस संबंध में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पी.एस.सी.एस.टी. के साथ मिलकर सभी आदर्श स्कूलों के विज्ञान अध्यापकों तथा प्रिंसीपलों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया।

पंजाब राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. योगराज समारोह में मुख्यातिथि थे जबकि सैक्रेटरी किरणजीत सिंह टिवाना गैस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शामिल हुए। डा. योगराज ने कहा कि पंजाब राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कहा कि शिक्षा बोर्ड द्वारा आदर्श स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के बीच वैज्ञानिक तकनीक को बढ़ावा देने का अभियान शुरू किया गया है। आदर्श स्कूलों में विज्ञान तथा वातावरण को पंजाबी भाषा में पढ़ाया जाएगा। सचिव किरणजीत सिंह टिवाना ने कहा कि यह प्रोजैक्ट अध्यापकों तथा विद्यार्थियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगा। डा. कुलबीर सिंह बाठ ने प्रोजैक्ट बारे जानकारी दी। प्रोग्राम की संयोजक डा. श्रुति शुक्ला ने वातावरण से संबंधित मुद्दों पर प्रकाश डाला। डा. श्रुति शुक्ला ने कहा कि पंजाब में सरकार द्वारा विज्ञान तथा वातावरण की पंजाबी भाषा में विद्यार्थियों को जानकारी देने का फैसला काफी सराहनीय है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News