अब 'झींगा' मछली करेगी किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत

punjabkesari.in Saturday, Jun 10, 2017 - 01:03 PM (IST)

श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा): खारे पानी में पाई जाने वाली झींगा मछली अब सेम पीड़ित क्षेत्रों के किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगी। पंजाब सरकार द्वारा सेम प्रभावित जिलों में झींगा मछली की काश्त को उत्साहित करने के लिए सबसिडी देने का फैसला किया गया है। जानकारी देते हुए जिले के उपायुक्त सुमित कुमार जारंगल आई.ए.एस. ने बताया कि जिले के गांव रत्ता खेड़ा में सफलता के बाद सरकार ने अब झींगा मछली पालन संबंधी सेम प्रभावित क्षेत्रों में इसकी काश्त को उत्साहित करने के लिए वित्तीय मदद दी है। उन्होंने बताया कि इच्छुक किसानों से 15 जून तक अर्जियों की मांग की गई है।

झींगा मछली पालन को करेंगे उत्साहित

ए.डी.सी. विकास कुलवंत सिंह ने बताया कि इस येाजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान के पास अपनी जमीन होनी चाहिए। एक लाभार्थी एक एकड़ से 2.5 एक ड़ रकबे तक की सबसिडी लेने का हकदार होगा, लाभार्थी को छप्पड़ की खुदाई के लिए 90 प्रतिशत सबसिडी दी जाएगी, जबकि झींगा मछली पालने के लिए प्रयोग किए जाने वाले उपकरण, सीड, खाद के खर्च का 50 प्रतिशत उपदान दिया जाएगा व अन्य 50 प्रतिशत धन राशि अपने वित्तीय साधनों/बैंक से कर्ज लेकर खर्च करना होगा। 

लाभार्थी सबसिडी प्राप्त करने के लिए जिले के सहायक डायरैक्टर मछली पालन के पास संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि अर्जियों के प्रोफार्मे जिले के सहायक डायरैक्टर मछली पालन से लिए जा सकते हैं व प्राप्त हुई अर्जियों की पड़ताल विभागीय जांच कमेटी द्वारा की जाएगी। सहायक डायरैक्टर मछली पालन कर्मजीत सिंह ने बताया कि अधिक जानकारी के लिए उनके कार्यालय के फोन नंबर 01633-501794 पर भी संपर्क किया जा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anjna

Related News