NRI दोस्त का वर्क परमिट के नाम पर बड़ा फ्रॉड, युवक को बनाया बंधक और फिर...
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 12:53 PM (IST)
मोगा (आजाद) : मोगा जिले के गांव कपूरे निवासी एक युवक को उसके ही कनाडा रहते दोस्त द्वारा कुछ अन्य से कथित मिलीभगत कर उसे वर्क परमिट के आधार पर कनाडा ले जाने का झांसा देकर 22 लाख रुपए की ठगी किए जाने के अलावा उसे कोलकाता ले जाकर घर में बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है।
पुलिस द्वारा जांच के बाद गुरिन्द्र सिंह निवासी गांव कपूरे की शिकायत पर कथित आरोपी अमनदीप सिंह निवासी गांव कपूरे हाल आबाद कनाडा के खिलाफ थाना मैहना में धोखाधड़ी तथा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच सहायक थानेदार अशोक कुमार द्वारा की जा रही है। इस संबंध में थाना मैहना के प्रभारी इंस्पैक्टर गुरसेवक सिंह ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को दिए शिकायत पत्र में गुरिन्द्र सिंह ने कहा कि उसका बेटे प्रभजोत सिंह का दोस्त अमनदीप सिंह कई वर्ष पहले अपने परिवार के साथ 2007-08 में कनाडा चला गया था।
दोस्ती होने के कारण उसने अपने दोस्त प्रभजोत सिंह से 2009-2010 में कहा कि वह उसे भी वर्क परमिट के आधार पर कनाडा बुला लेगा। दोस्ती होने के अलावा एक गली में रहने के कारण उन्होंने उस पर विश्वास कर लिया। हमें अमनदीप सिंह ने बताया कि इस पर 22 लाख रुपए खर्चा आएगा। जिस पर हमने उसके कहने पर 2 लाख रुपए पहले उनके साथियों को दे दिए।
वह फोन पर उसके बेटे से बात करता रहा और एक दिन उसने कहा कि तेरा वर्क परमिट लग गया है, जो उसने देख लिया है, इसलिए आप 20 लाख रुपए दे दो, उसके कुछ आदमी आपके घर आ रहे हैं और उसने कहा कि वह उसे दिल्ली ले जाएंगे और वहां से उसे कनाडा भेज देंगे और एयरपोर्ट पर ही उसे सभी दस्तावेज सौंप दिए जाएंगे।
जिस पर वह अपने बेटे को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच गए और वहां दो व्यक्ति उन्हें मिले और वह उसे फ्लाइट के माध्यम से कोलकाता ले गए और वहां उन्होंने उसके बेटे को पहले तो होटल में रखा और बाद में ले जाकर एक घर में नजरबंद कर दिया और उसे कोई नशीली दवाई पिलाकर बेहोश कर दिया और डरा धमकाकर उससे फोन पर बात करवा दी कि वह कनाडा पहुंच गया है।
जिस पर उन्होंने अमनदीप सिंह से बात की, तो उसने कहा कि वह और उसकी पत्नी कनाडा एयरपोर्ट पर हैं और उन्होंने प्रभजोत सिंह को एयरपोर्ट पर देख लिया है, वो इमीग्रेशन करवा रहा है। जिस पर उन्होंने 20 लाख रुपए उनके द्वारा भेजे हुए व्यक्तियों को सौंप दिए।
उसने कहा कि करीब 4-5 दिन के बाद उसका लड़का प्रभजोत सिंह घर वापस आ गया, तो उन्होंने अमनदीप सिंह से बात की, तो उसने कहा कि वह बात करते हैं, नहीं तो वह पैसे वापस कर देगा और इसी तरह वह भरोसा देता रहा।
एक दिन 13 अक्तूबर 2010 को उसे जगराओं से अज्ञात व्यक्ति आकर नैस्ले डेयरी के गेट के पास आकर 1 लाख 9 हजार रुपए देकर चला गया और कहा कि अमनदीप सिंह ने भेजे हैं, लेकिन इसके बाद उन्हें कोई पैसा वापस नहीं हुआ और न ही उसने उनके साथ बात की।
इस तरह उसके बेटे के दोस्त अमनदीप सिंह ने उसे कनाडा ले जाने का झांसा देकर 22 लाख रुपए हड़प लिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मोगा द्वारा इसकी जांच का आदेश दिया गया। जांच के बाद कानूनी राय हासिल करने के बाद कथित आरोपी अमनदीप सिंह निवासी गांव कपूरे हाल आबाद कनाडा के खिलाफ धोखाधड़ी तथा कथित मिलीभगत तथा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, गिरफ्तारी बाकी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

