बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में नर्सिंग छात्रा ने की आत्मह+त्या
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 03:44 PM (IST)
फरीदकोट(राजन) : बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के हॉस्टल में रह रही एक नर्सिंग छात्रा द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के छात्रा ने अपने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही हॉस्टल प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान अमनप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो खरड़ के शिवजोत एन्क्लेव की रहने वाली थी। वह यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बी.एससी. नर्सिंग के तीसरे सेमेस्टर की छात्रा थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

