फगवाड़ा में गुंडागर्दी: मामूली विवाद के बाद दफ्तर और सैलून को लगाई आग, हुआ लाखों का नुकसान
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 10:29 AM (IST)
फगवाड़ा (जलोटा): स्थानीय बस स्टैंड के नजदीक माल गोदाम रोड़ पर बीती रात कुछ युवकों ने आपसी विवाद के चलते एक दफ्तर और सैलून में जमकर तोड़फोड़ करने के बाद उसे आग के हवाले करने की सनसनीखेज सूचना मिला है। आगजनी की इस भयानक घटना में दुकान के भीतर रखा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया जिससे पीड़ित दुकानदारों को लाखों रुपए का भारी नुकसान होने का अनुमान हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी तुरंत घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ित पक्षों के बयान दर्ज करते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार माल गोदाम रोड पर लवलीन नामक युवक का दफ्तर और साथ ही मनप्रीत का एक सैलून स्थित है। पीड़ित दुकानदार लवलीन ने बताया कि बीती देर शाम शहर के ही कुछ युवकों के साथ आपसी किसी बात को लेकर उनका मामूली विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद आरोपी युवक रंजिश रखने लगे और रात को तैश में आकर अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गए। आरोपियों ने दफ्तर के शीशे और अंदर रखा सामान लोहे की रॉड से तोड़ दिया और फिर दुकान में आग लगाकर मौके से फरार हो गए। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई हैं जिसमें एक आरोपी युवक हाथ में लोहे की रॉड पकड़े हुए साफ तौर पर दिखाई दे रहा हैं। हालांकि उक्त सीसीटीवी फुटेज की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पीड़ित ने आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपियों ने शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया है। आग इतनी भयानक थी कि दफ्तर के साथ-साथ मनप्रीत का सैलून भी पूरी तरह जलकर खाक हो गया और उसमें रखा कीमती सामान व कागजात जल गए।
घटना की जानकारी देते हुए फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि उन्हें रात करीब 8:30 बजे माल गोदाम रोड पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद दमकल की गाड़ी को मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है लेकिन दुकान के अंदर का ढांचा पूरी तरह नष्ट हो चुका है। मौके पर पहुंचे पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि आगजनी और तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ितों के बयान कलमबद्ध कर लिए गए हैं और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। सी.सी.टी.वी. फुटेज और बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

