Punjab: महानगर में इस इंडस्ट्री को बंद करने के आदेश, जानें क्या हैं Orders

punjabkesari.in Monday, Sep 01, 2025 - 07:53 PM (IST)

लुधियाना  (पंकज):  शहर में लगातार हो रही भारी बारिश और बुड्ढे दरिया के जलस्तर में तेज़ी से हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी परिप्रेक्ष्य में डिप्टी कमिश्नर (डी.सी.) हिमांशु जैन ने बड़ा कदम उठाते हुए लुधियाना के सुधियाना क्षेत्र में चल रही सभी डाइंग और प्रिंटिंग इंडस्ट्री को अगले आदेशों तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।

शनिवार देर रात से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते दरियाओं और नालों का पानी तेजी से बढ़ रहा है। बुड्ढे दरिया का पानी कई स्थानों पर ओवरफ्लो होता देखा गया। हालात का जायज़ा लेने खुद मौके पर पहुंचे डी.सी. हिमांशु जैन ने स्थिति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डी.सी. ने कहा कि बुड्ढे दरिया का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाला गंदा पानी एवं रसायन इस आपात स्थिति को और गंभीर बना सकता है। इसीलिए प्रशासन ने सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी डाइंग और प्रिंटिंग इकाइयों को फिलहाल बंद रखने का निर्णय लिया है।

प्रशासन ने उद्योगपतियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस आदेश का पालन करें और किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा से समझौता न करें। डी.सी. ने कहा कि हालात सामान्य होने के बाद ही इंडस्ट्री को खोलने की अनुमति दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News