ओवरस्पीड अज्ञात वाहन ने एक्टिवा को मारी जोरदार टक्कर, 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौ/त
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 02:42 PM (IST)
लुधियाना (राज): तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। फोकल प्वाइंट फेज-8 स्थित शारू स्टील फैक्ट्री के नजदीक एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने एक्टिवा सवार दो दोस्तों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सडक़ हादसे में 19 वर्षीय नौजवान नीतीश कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक की मां पुणम के बयानों पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस शिकायत में मृतक की मां ने बताया कि 24 सितंबर को उनका 19 वर्षीय बेटा नीतीश कुमार अपने दोस्त दिव्यांशु के साथ उसकी नीले रंग की होंडा एक्टिवा पर सवार होकर किसी काम के सिलसिले में निकला था। जब वे दोनों एक्टिवा पर सवार होकर फोकल प्वाइंट फेज-8 में शारू स्टील फैक्ट्री के नजदीक पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। अज्ञात वाहन का चालक अपने वाहन को अत्यधिक तेज रफ्तार और घोर लापरवाही से चला रहा था। उसने बिना हॉर्न दिए या गति धीमी किए सीधे आगे चल रही एक्टिवा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक उछलकर सडक़ पर जा गिरे और एक्टिवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे को अंजाम देने के तुरंत बाद अज्ञात चालक रुकने और घायलों की सुध लेने के बजाय अपने वाहन की रफ्तार तेज कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सडक़ पर लहूलुहान पड़े दोनों युवकों को देखकर आसपास की फैक्ट्रियों के मुलाजिम और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। हादसे में दोनों युवकों को काफी गंभीर और अंदरूनी चोटें आईं। राहगीरों व परिजनों ने तुरंत दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने 19 वर्षीय नीतीश कुमार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, उसके घायल दोस्त दिव्यांशु का अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। पुलिस घटना के आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के नंबर और फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

