प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत, पति ने की पत्नी की बेरहमी से ह''त्या, फिर श''व के साथ...
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 10:24 AM (IST)
माछीवाड़ा (टक्कर): माछीवाड़ा के नजदीकी गांव मंड सुखेवाला में एक पति ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार गुरप्रीत सिंह जो पेशे से कंबाइन चलाने का काम करता था, का करीब 11 वर्ष पहले राजविंदर कौर के साथ प्रेम विवाह हुआ था। बताया जा रहा है कि पति को शक था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती है। वहीं पत्नी को भी अपने पति पर इसी तरह का संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था।
रविवार दोपहर विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर गुरप्रीत सिंह ने घर में अकेली मौजूद अपनी पत्नी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय घर में दोनों ही मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। हत्या के बाद आरोपी ने अपने एक दोस्त को इसकी जानकारी दी और खुद ही पुलिस को फोन कर बताया कि वह थाने आ रहा है। सूचना मिलते ही डी.एस.पी. प्रीतपाल सिंह और थाना प्रभारी पवित्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
डी.एस.पी. प्रीतपाल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पति द्वारा पत्नी के चरित्र पर शक से जुड़ा सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक महिला और आरोपी के दो छोटे बच्चे हैं, जो इस घटना के बाद सहमे हुए हैं।
हत्या के बाद वीडियो बनाकर दोस्त को भेजी
बताया जा रहा है कि गुरप्रीत सिंह ने हत्या करने के बाद एक वीडियो बनाकर अपने दोस्त को भेजी, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की। वीडियो में वह यह भी कहता नजर आया कि उसने शक के चलते यह कदम उठाया। सूचना मिलते ही माछीवाड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। यह भी जानकारी सामने आई है कि वारदात के बाद आरोपी खुद थाने की ओर रवाना हो गया था ताकि आत्मसमर्पण कर सके।
वीडियो में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने हत्या के बाद शव के साथ अमानवीय व्यवहार किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इसमें पता लगाया जा रहा है कि महिला किसी से फोन पर बात करती थी या नहीं और इस घटना के पीछे शक की असली वजह क्या थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

