स्विमिंग पूल किनारे बैठे किशोर की दर्दनाक मौ+त, रूह कंपा देने वाला Live Video आया सामने
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 11:30 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में एक 15 वर्षीय किशोर की स्विमिंग पूल के किनारे अचानक मौत होने का रूह कंपा देने वाला लाइव वीडियो सामने आया है। नहाने के बाद अपने साथी के साथ पूल के किनारे सामान्य रूप से बैठे किशोर को अचानक असहजता और बेचैनी महसूस हुई। वह संभलने के लिए उठा, लेकिन लड़खड़ाते हुए वापस उसी जगह आ बैठा और देखते ही देखते सीने में उठे भयंकर दर्द के बाद उसने दम तोड़ दिया। यह दर्दनाक घटना 29 अगस्त की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आने के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।|
वायरल वीडियो के अनुसार, मृतक की पहचान वार्ड नंबर 87, बिंद्रा कॉलोनी निवासी वंश (15) के रूप में हुई है। घटना वाले दिन वंश स्विमिंग पूल में नहाने गया था। पानी से बाहर निकलने के बाद वह अपने दोस्त के साथ पूल की बाउंड्री पर आराम से बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक उसे बेचैनी महसूस होने लगी और वह बार-बार अंगड़ाई लेने लगा, मानो शरीर में कोई असहनीय दर्द या खिंचाव हो रहा हो। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब बेचैनी हद से ज्यादा बढ़ गई, तो वंश अपनी जगह से उठकर चलने की कोशिश करने लगा। महज दो कदम चलते ही उसके पैर बुरी तरह लड़खड़ाने लगे। खुद को गिरता देख वह किसी तरह संभलकर वापस उसी जगह पर आकर बैठ गया जहां उसका दोस्त बैठा था।
वहां बैठते ही अचानक उसके सीने में तेज दर्द उठा, वह पीछे की तरफ झुका और चंद पलों में ही उसकी सांसें हमेशा के लिए थम गईं। पास बैठे दोस्त और अन्य लोगों ने उसे तुरंत संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, वंश लंबे समय से दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। उसका उपचार देश के प्रतिष्ठित अस्पताल 'एम्स' (AIIMS, दिल्ली) से नियमित रूप से चल रहा था। वंश के पिता विक्की कपड़े का कारोबार करते हैं। घर में वंश की एक छोटी बहन भी है। हंसते-खेलते बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 29 अगस्त को हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद आज गमगीन माता-पिता अपने इकलौते बेटे की अस्थियों को विसर्जित करने के लिए हरिद्वार पहुंचे हुए हैं। उधर, सोशल मीडिया पर मौत के इस लाइव वीडियो को देखकर हर किसी की आंखें नम हैं।

