अमृतसर में पार्किंग विवाद : युवक को थप्पड़ मारने वाले ASI पर गिरी गाज, किया Suspend
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 05:53 PM (IST)
अमृतसर : अमृतसर में पार्किंग को लेकर हुए हंगामे के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए आरोपी ए.एस.आई. को सस्पेंड कर दिया है। उक्त घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने ए.एस.आई. रणबीर सिंह के खिलाफ उक्त एक्शन लिया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना अमृतसर के क्रिस्टल चौक इलाके की है, जहां वाहन पार्किंग को लेकर पुलिस कर्मी और एक युवक के बीच तीखी बहस हो गई। बहस के दौरान गाली-गलौच हुई और गुस्से में आए ए.एस.आई. ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि संबंधित ए.एस.आई. ने शराब का सेवन किया हुआ था, उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और फिर मारपीट की। शिकायत और वीडियो के आधार पर पुलिस विभाग ने मामले की जांच की।
बताया जा रहा है कि ट्रैफिक एस.पी. अमनजीत कौर ने आरोपी पुलिस कर्मी रणबीर सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

