''नाराज'' मनीष तिवारी के समर्थन में उतरे प्रताप सिंह बाजवा, हाईकमान को लेकर दिया बड़ा बयान
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 10:49 AM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी का समर्थन किया है। मनीष तिवारी कई बार यह नाराजगी जता चुके हैं कि पंजाब कांग्रेस में की गई महत्वपूर्ण नियुक्तियों के दौरान उन्हें शामिल नहीं किया गया।
बाजवा ने कहा कि मनीष तिवारी एक अनुभवी नेता हैं और पंजाब कांग्रेस को ऐसे अनुभवी नेताओं की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री के रूप में तिवारी के अनुभव का लाभ पार्टी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उठा सकती है। बाजवा ने यह भी कहा कि मनीष तिवारी की भावनाओं और उनकी बात को पार्टी हाईकमान के सामने रखा जाएगा।
गौरतलब है कि यह पहली बार है जब पंजाब कांग्रेस के किसी वरिष्ठ नेता ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए गठित समितियों में अनदेखी किए जाने को लेकर मनीष तिवारी की नाराजगी का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया है। वहीं, कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि पार्टी से जुड़े सभी फैसले हाईकमान ही लेता है, इसलिए वह इस मामले पर इससे अधिक कुछ नहीं कहना चाहते।

