पंजाब में एक और जिले में बंद हुआ पेट्रोल पंप, लग गए नोटिस.... लोग परेशान

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 03:25 PM (IST)

पंजाब डेस्क : अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब पंजाब में भी देखने को मिल रहा है। राज्य के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। बठिंडा सहित 3 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म होने की खबर सामने आई है, जिसके बाद पंपों पर नोटिस भी लगा दिए गए।

आज शनिवार को अमृतसर के रानी का बाग स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म हो गया। वहीं बठिंडा के बांसल पेट्रोल पंप पर भी स्टॉक खत्म हो गया है। बता दें कि, इससे पहले जालंधर और लुधियाना के 2 पंपों पर भी पेट्रोल खत्म हो गया था। हालांकि जालंधर के बीएमसी चौक के पास स्थित पंप पर नई सप्लाई आने के बाद दोबारा बिक्री शुरू कर दी गई, जबकि लुधियाना का एक पंप अभी भी बंद बताया जा रहा है। लुधियाना के एक पेट्रोल पंप के मैनेजर अजय के अनुसार, फिलहाल आम लोगों को तेल की ज्यादा दिक्कत नहीं है, लेकिन पहले जो सप्लाई क्रेडिट पर मिलती थी, वह अब बंद कर दी गई है। अब डीलरों को अग्रिम भुगतान करना पड़ता है, जिसके बाद ही सप्लाई भेजी जाती है।

इसी बीच मोगा में फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग ने एडवाइजरी जारी कर पेट्रोल पंप मालिकों को ड्रम और कैनियों में डीजल देने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। विभाग का मानना है कि इससे जमाखोरी और ब्लैकमार्केटिंग पर लगाम लगेगी। हालांकि पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने इस फैसले का विरोध करते हुए कहा है कि डीजल का उपयोग जनरेटर, मोटर और अन्य उपकरणों में होता है, जिन्हें पंप तक लाना संभव नहीं होता। ऐसे में यह निर्णय लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News