स्टाफ सावधान! अब कटेगी आधे दिन की छुट्टी, PGI ने कर्मचारियों को लेकर लिया बड़ा फैसला

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 11:59 AM (IST)

चंडीगढ़ (रोहल): PGI भी अब अपने स्टाफ की हाजिरी को बायोमेट्रिक सिस्टम के जरिए लगाने की शुरूआत करने जा रहा है। शहर के अन्य अस्पतालों में स्टाफ की हाजिरी काफी पहले ही बायोमेट्रिक सिस्टम पर लग रही है। अब सोमवार यानी 2 मार्च से PGI भी यह सिस्टम लागू करने जा रहा है। PGI के एडवांस्ड पीडियाट्रिक सेंटर (APC) से इस सिस्टम के जरिए हाजिरी लगाने की शुरूआत होगी। असल में एडवांस्ड पीडियाट्रिक सेंटर के स्टाफ ने PGI प्रशासन को इस सिस्टम लागू करने की विनती की थी। इस विनती पर विचार करने के बाद यह फैसला लिया गया। PGI डायरेक्टर प्रो. विवेक लाल की ओर से जारी एक दफ्तरी ऑर्डर में कहा गया है कि APC के सभी एडमिनिस्ट्रेटिव और टेक्निकल स्टाफ को इस संबंध में जारी निर्देशों का पालन करना ​​होगा।

मरीजों को थी असुविधा, इसलिए लेना पड़ा फैसला 

PGI प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार यह फैसला APC द्वारा आई विनती के बाद किया गया। इस विनती में OPD और दाखिल मरीजों को समय पर ईलाज प्रदान करने में पेश आ रही मुश्किलों का हवाला दिया गया था। इसका कारण यह था कि मरीजों को लिखे गए टेस्ट या अन्य प्रबंधकी कार्रवाईयां करने वाले अपने स्थानों पर नहीं मिलते थे। टेस्ट या कई तरह की प्रबंधकी कार्रवाईयों के कारण ओ.पी.डी. और वार्डों में दिक्कतें आ रही थी। कई बार दोपहर बाद डॉक्टरों द्वारा लिखे गए टेस्ट सभी मरीजों के नहीं हो पाते थे। इसका कारण यह था कि टेस्ट करने वाला पूरा स्टाफ दोपहर 3 बजे के बाद बहुत कम मिलता था। जिसकी वजह से OPD में आए बच्चों को अगले दिन फिर आना पड़ता था। अगले दिन फिर से मरीजों के आने से OPD में प्रेशर बढ़ जाता था। अब PGI डायरेक्टर के इस ऑफिशियल ऑर्डर के बाद स्टाफ को सुबह से शाम तक पूरी ड्यूटी देने और बायोमेट्रिक सिस्टम पर रजिस्टर करने के बाद ही A.P.C. छोड़ना होगा।

10 मिनट देर होने पर आधी छुट्टी कटेगी 

इस ऑफिशियल ऑर्डर के मुताबिक A.P.C. स्टाफ को ड्यूटी चार्ट के हिसाब से सुबह 9:30 बजे इस सिस्टम पर अपनी अटेंडेंस रजिस्टर करनी होगी। मजबूरी के कारण देरी से आने पर स्टाफ को ज्यादा से ज्यादा 10 मिनट की छूट दी गई है पर लगातार ऐसा करने वालों को यह छूट भी नहीं दी जाएगी। 10 मिनट की देरी से आने वाले स्टाफ की कैजुअल लीव से आधे दिन की छुट्टी काट ली जाएगी पर अगर कोई स्टाफ महीने में 2 बार एक घंटे देर से आता  है पर देरी का कारण अचनचेत घटना बताता है तो A.P.C. के एडिशनल मेडिकल सुपरिटेंडेंट माफ भी कर सकते हैं।

अगर किसी को किसी जरूरी वजह से छुट्टी लेनी है, तो उसे उसी दिन अपने कंट्रोलिंग ऑफिसर और फिर एडमिनिस्ट्रेटिव E-mail पर बताना होगा और अगले दिन अर्जी देनी होगी। पूरे महीने बायोमेट्रिक सिस्टम पर नजर रखी जाएगी और फिर हर महीने के आखिर में आदतन देर से आने वालों की लिस्ट एस्टैब्लिशमेंट ब्रांच को देनी होगी, ताकि जरूरी एडमिनिस्ट्रेटिव कार्रवाई की जा सके। इस सिस्टम में कोई टेक्निकल दिक्कत आने पर रजिस्टर में अटेंडेंस लगानी होगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News