लुधियाना में BJP ने घेरा पुलिस कमिश्नर आफिस, जबरदस्त प्रदर्शन, जानें क्या है मामला
punjabkesari.in Tuesday, Apr 01, 2025 - 05:51 PM (IST)

लुधियाना (गुप्ता) : लुधियाना (पश्चिमी) विधानसभा उपचुनाव की तारीख भले ही चुनाव आयोग ने अभी तक घोषित नहीं की है, लेकिन राजनीतिक हलचल बहुत तेज हो गई है। उपचुनाव से पहले भाजपा ने आप सरकार और प्रशासन को घेरा और आरोप लगाया कि आप सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है और भाजपा के मंडलों/सर्कलों के प्रधानों को फोन करके बूथों व सीनियर कार्यकर्ताओं की लिस्ट मांग रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दबाव बना रही है। इसको लेकर भाजपा लुधियाना के कार्यकारी अध्यक्ष मनीष चोपड़ा की अध्यक्षता में लुधियाना पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर कार्यकर्ताओं के साथ जमकर प्रदर्शन किया और पुलिस कमिश्नर दफ्तर का घेराव किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश के महामंत्री अनिल सरीन, प्रदेश उपाध्यक्ष जतिंदर मित्तल, सचिव रेनू थापर, कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी, कोर कमेटी के सदस्य जीवन गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता विपन सूद काका, राकेश कपूर विशेष रूप से धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन ने कहा कि पुलिस प्रशासन की मदद से आम आदमी पार्टी लुधियाना पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी के सर्कलों के प्रधानों से बूथ नेताओं व कार्यकर्ताओं की लिस्ट मांगी है, यह लोकतंत्र का शर्मनाक दृश्य है। भारतीय जनता पार्टी इसे बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी भारतीय जनता पार्टी से घबरा गई है इसीलिए वह साम, दाम, दंड और भेद की नीति अपनाकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की लिस्ट मांग रही है। यह लोकतंत्र का शर्मनाक दृश्य है। इस अवसर पर पंजाब भाजपा के पूर्व महामंत्री प्रवीण बंसल, व्यापर प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सरपाल, पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंगल, मीडिया पेनलिस्ट राकेश कपूर, परमिंदर मेहता, गुरदीप सिंह गोशा, पंजाब भाजपा एम.एस.एम.ई सैल के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष डाबर, सीनियर नेता सुखविंदर सिंह ग्रेवाल, सरदार गुरदीप सिंह नीटू, पूर्व विधायक प्रेम मित्तल, रमेश शर्मा, विपन सूद काका, लीना टपारिया, राशि अग्रवाल, सरदार नरेंद्र सिंह मल्ली आदि सैकड़ों की संख्यां में भाजपा के कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।