जालंधर की मुस्लिम कॉलोनी में पुलिस की रेड, बंद कमरे खुलवाए तो..., किराएदार गायब
punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 11:58 AM (IST)
जालंधर (सोनू) : जालंधर के रामामंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक किराए के मकान में छापेमारी कर कटी हुई तारों से भरे कई बोरे बरामद किए हैं। मकान के बंद कमरों की तलाशी के दौरान यह सामान मिला। पुलिस ने तारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि कमरे में रहने वाला किराएदार बुलाने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली थी कि मुस्लिम कॉलोनी में स्थित कुछ बंद कमरों में चोरी का सामान छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही रामामंडी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां कमरे बंद मिले तो पुलिस ने उनमें रहने वाले युवक से फोन पर संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया, लेकिन वह आने में टालमटोल करता रहा।
मकान मालिक की मौजूदगी में खुलवाए कमरे
मामले की जांच कर रहे एएसआई गुरदीप सिंह ने मकान मालिक गुरविंदर सिंह से संपर्क किया। इसके बाद उनकी मौजूदगी में कमरों के ताले खुलवाकर तलाशी ली गई। अंदर कटी हुई तारों से भरे कई बोरे मिलने पर पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए थाने भिजवा दिया।
चार महीने पहले किराए पर लिया था कमरा
मकान मालिक गुरविंदर सिंह के अनुसार, करीब चार महीने पहले रमजान नाम के युवक को कमरा किराए पर दिया गया था। उसने खुद को कबाड़ का कारोबार करने वाला बताया था। गुरविंदर सिंह ने बताया कि कमरे में चोरी का सामान मिलने की जानकारी से वह खुद भी हैरान है। उसने रमजान को फोन कर मौके पर बुलाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं आया।
कहां से चोरी हुई तारें, पुलिस कर रही जांच
एएसआई गुरदीप सिंह के मुताबिक, बरामद तारों को कब्जे में ले लिया गया है और किराएदार को पूछताछ के लिए थाने में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तारें कहां से लाई गई थीं और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं। किराएदार के पेश न होने पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

