बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक पुलिस का सुरक्षा अभियान, संदिग्धों और सामान की हुई गहन जांच
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 09:08 AM (IST)
लुधियाना (राज) : महानगर में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लुधियाना पुलिस द्वारा स्थानीय बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर एक व्यापक कार्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस के आला अधिकारियों की अगुवाई में भारी पुलिस बल की अलग अलग टीमों ने पूरे बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन परिसर की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखना और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते नाकाम करना था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के सीजन और सुरक्षा के मद्देनजर सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चौकसी बढ़ाई गई है। इसी कड़ी के तहत पुलिस टीमों ने बस स्टैंड के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर कड़ा पहरा बिठाया और परिसर के अंदर-बाहर आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रखी। ऑपरेशन के दौरान पुलिस मुलाजिमों ने अलग-अलग टीमों में बंटकर कई स्तरों पर तलाशी ली। बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और संदिग्ध व्यक्तियों के बैग व सामान की मेटल डिटेक्टर और अन्य उपकरणों से गहन जांच की गई। लंबी दूरी की बसों, लोकल बसों और बस स्टैंड की पार्किंग में खड़े दोपहिया व चार पहिया वाहनों के दस्तावेजों और डिक्की आदि की बारीकी से पड़ताल की गई। ऐसे ही रेलवे स्टेशन परिसर के अंदर यात्रियों के सामान कीचैकिंग की गई। स्टेशन के बाहर दुकानों और ढाबों का निरीक्षण: परिसर में स्थित दुकानों, ढाबों और वेटिंग हॉल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
जनता की सुरक्षा सर्वोपरि, जारी रहेगा अभियान : सी.पी.
सी.पी. स्वपन शर्मा बताया कि इस सर्च ऑपरेशन का मकसद आम जनता और यात्रियों में सुरक्षा की भावना पैदा करना तथा शरारती व असामाजिक तत्वों के मन में कानून का खौफ बनाए रखना है। उन्होने ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति को देखने पर तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य व्यस्त बाजारों में आने वाले दिनों में भी ऐसे सरप्राइज चेकिंग और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे।

