Punjab : लुधियाना में नौसरबाज ने ज्वैलर को लगाया चूना, घटना CCTV में कैद
punjabkesari.in Thursday, Apr 10, 2025 - 06:53 PM (IST)

लुधियाना (राज): सर्राफा बाजार के एक ज्वैलर को नौसरबाज ने लाखों का चूना लगा दिया। काम के बहाने से दुकान पर आया नौसरबाज दुकान से सोना चुरा कर ले गया। घटना दुकान के अंदर-बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई।
इस संबंध में ज्वैलर ने पुलिस को शिकायत दी जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने एस.के. नसीमुद्दीन की शिकायत पर एस.के. राजेश के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने सी.सी.टी.वी. कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नसीम ने बताया कि गगन कालोनी में रहता है। उसकी साई ज्यूलर्स के नाम से रानी झांसी रोड पर दुकान है जबकि उसकी दूसरी दुकान सराफा बाजार में है। जहां पर सोने के गहने बनते हैं और कई वर्कर काम करते हैं। उन्हें कुछ दिन पहले दोस्त साहिब का फोन आया था। उसने कहा था कि उसके पास एक कारीगर है, उसे काम पर रखवाना है, वह उसे भेज देगा। इसके बाद नसीम अपने कामों में उलझ गया।
रविवार को एक शख्स उनकी दुकान पर काम के लिए आया। उसे लगा कि शायद यह वही है जिसे उसके दोस्त ने भेजा है। उसने उक्त शख्स का नाम पूछा तो उसने राजेश बताया। जब उसने पूछा कि उसे साहिब ने भेजा है तो नौसरबाज ने हां में जवाब दिया। इसके बाद नसीम ने उसे दुकान पर काम के लिए रख लिया लेकिन उसने कहा कि उसे काम नहीं आता, वह काम सीख लेगा। उसने भी हामी भरी और उसे काम पर रख लिया। उक्त आरोपी बाकी वर्करों के साथ काम करने लग गया था। बुधवार की सुबह जब सभी कारीगर उठे तो देखा कि उनके काम करने वाली जगह पर एक दराज का ताला टूटा हुआ था और बाकी दराज भी खुले पड़े थे। उसके अंदर रखे करीब आधा किलो सोना जोकि लोगों का था और गहने बनाने के लिए आया था, गायब था। फिलहाल घटना संबंधी पुलिस छानबीन कर रही है।