विवादों में रहने वाला 'बाबा' एक बार फिर सुर्खियों में, लगे ये गंभीर आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Aug 13, 2024 - 01:32 PM (IST)

पंजाब डेस्क : अकसर विवादों में रहने वाले बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी वाले (मलेरकोटला) एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। जानकारी के अनुसार उनका अपने ससुराल परिवार से विवाद हो गया जो कि फतेहगढ़ साहिब के रहने वाले हैं। यह विवाद इतना बढ़ गया कि बात फायरिंग तक पहुंच गई। इस दौरान दोनों पक्षों के आधा दर्जन के करीब लोग घायल हो गए। घायलों को फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए गुरजीत कौर ने बताया कि उनकी बेटी की शादी बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी वाले से करीब एक वर्ष पहले हुई थी। वह लगातार उनकी बेटी से दहेज की मांग कर रहा था। इसके चलते उनकी बेटी मायके आई हुई थी। कुछ लोगों के साथ गुरविंदर सिंह फतेहगढ़ साहिब में उनके घर आया। इस दौरान उसकी मां भी साथ थी। यहां गुरविंदर सिंह ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उसकी जांघ में लगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी गुरविंदर सिंह उन पर हमला कर चुका है। परिवार ने पुलिस से इंसाफ की मांग करते हुए गुरविंदर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 

वहीं इन आरोपों को खारिज करते हुए बाबा गुरविंदर सिंह ने कहा कि वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल आए थे। इस दौरान उस पर हमला किया गया। हमके के कारण उसकी बाजू और टांग पर फ्रैक्चर हो गया है। बाबा ने कहा कि उसकी पत्नी को किडनैप करके रखा गया है। उसकी पत्नी के सामने आने पर पूरा सच पता चल जाएगा। इसके साथ ही उसने फायरिंग करने की बात का भी खंडन किया।  
     
इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।  गुरजीत कौर को गोली लगी है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द पता लगा लिया जाएगा कि फायरिंग किसने की है। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News