Punjab : खुद को गोली मारकर बाउंसर ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 08:32 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा) : थाना कोटफत्ता क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही थाना कोटफत्ता की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव कसोखाना निवासी सुखदेव सिंह पुत्र महिंदर सिंह, जो पेशे से बाउंसर था, ने गांव के श्मशान घाट में जाकर खुद को गोली मार ली। बताया जा रहा है कि सुखदेव सिंह ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोटफत्ता की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना कोटफत्ता के प्रभारी हरविंदर सिंह सरां ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक ने श्मशान घाट में जाकर अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी है। फिलहाल पुलिस पंचायत और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

