पंजाब में 25 से 27 मई तक सरकारी बसों की हड़ताल, सफर होगा प्रभावित

punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 01:08 PM (IST)

चंडीगढ़/खरड़: पंजाब में सरकारी बसों से सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। पंजाब रोडवेज, पनबस/पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने 25 से 27 मई तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है, जिससे इन दिनों बस सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहेंगी।

 कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग 
जानकारी के मुताबिक, यूनियन की राज्य स्तरीय बैठक में नेताओं ने सरकार पर ट्रांसपोर्ट विभाग के निजीकरण का आरोप लगाया। उनका कहना है कि किलोमीटर स्कीम के तहत निजी बसों को बढ़ावा दिया जा रहा है और कच्चे कर्मचारियों के साथ अन्याय हो रहा है। यूनियन ने मांग की है कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, किलोमीटर स्कीम बंद की जाए और आंदोलन के दौरान दर्ज केस वापस लिए जाएं।

25 से 27 मई तक पूर्ण हड़ताल 
आंदोलन की रूपरेखा के तहत 1 मई को गेट रैलियां, 10 मई को ट्रांसपोर्ट मंत्री के घर के बाहर धरना और 18 मई को सांकेतिक हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगें न मानी गईं तो 25 से 27 मई तक पूर्ण हड़ताल होगी। इस हड़ताल के चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News