पंजाब सरकार के बड़े ऐलान, Free में करवाए जाएंगे ये सभी काम, 24-25 सितंबर तक...
punjabkesari.in Saturday, Sep 13, 2025 - 12:39 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कई इलाकों से बाढ़ का पानी उतर गया है और जनजीवन को सामान्य करने के लिए हम बड़े स्तर पर सफाई अभियान शुरू कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव में जे.सी.बी., ट्रैक्टर-ट्रॉली और मजदूरों की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी। बाढ़ से आने वाले मलबे को साफ किया जाएगा।
इसके बाद हर गांव में फॉगिंग करवाई जाएगी ताकि कोई बीमारी न फैले। इस अभियान के लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपए का बजट रखा है, जिसमें से एक-एक लाख रुपये गांवों को टोकन के रूप में दिए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर और पैसा भी प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई का पूरा खर्च पंजाब सरकार द्वारा किया जाएगा और 24-25 सितंबर तक मिट्टी और मलबे को साफ करने का काम पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अक्टूबर तक गांवों की सभी सार्वजनिक जगहें साफ कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि हम प्राकृतिक आपदा के खिलाफ एकजुट होकर लड़े हैं और अब भी पंजाब को फिर से खड़ा करना है। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि सरकार द्वारा सभी प्रभावित 2300 गांवों में मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। 1707 गांवों में सार्वजनिक जगहों पर, जहां गांव वाले कहेंगे, वहां मेडिकल स्टाफ और डॉक्टर हमेशा उपलब्ध रहेंगे। 550 एम्बुलेंसें सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि 713 गांवों में करीब ढाई लाख पशु बाढ़ से प्रभावित हैं। उन्हें बीमारियों से बचाने के लिए अभियान शुरू किया जा रहा है। सरकार ने प्रत्येक गांव में पशु चिकित्सकों की टीम तैनात कर दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि झोना 15 दिन पहले ही मंडियों में आने शुरू हो गया था और सरकारी खरीद 16 सितंबर से शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि हम इस संकट से जल्दी बाहर निकलकर सामान्य हालात में लौट आएंगे। उन्होंने कहा कि जिस सरकारी तंत्र को नुकसान हुआ है, उसका काम पहले ही शुरू हो चुका है। पशुओं और इंसानों में किसी भी तरह की बीमारी न फैले, इसके लिए टीकाकरण शुरू हो चुका है और मेडिकल कैंप भी चालू हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी को स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या हो तो वह स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करें।