शीत लहर ने पकड़ा जोर! लुढ़का पारा, ऑरेंज अलर्ट जारी

punjabkesari.in Monday, Jan 05, 2026 - 10:44 AM (IST)

जालंधर (पुनीत): सूर्य के दर्शन न होने से ठंड ने पूरा दिन जोर दिखाया, गत कुछ दिनों से ठंड का प्रभाव बढ़ने के कारण दिन व रात का पारा लुढ़क हुआ है और पब्लिक के लिए परेशानी पैदा हुई है। आलम यह है कि उत्तर भारत में शीत लहर ने एकाएक जोर पकड़ लिया है जिससे पंजाब के कई जिलों के तापमान में 3-4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। बढ़ रही ठंड से आम जन-जीवन बुरी तरह से अस्त-व्यस्त हो रहा है।

मौसम विभाग द्वारा पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए यैलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं महानगर जालंधर यैलो अलर्ट से तबदील होकर ऑरेंज अलर्ट में आ चुका है, जिसके चलते आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। विभागीय अलर्ट के मुताबिक 6 जनवरी तक ऑरेंज अलर्ट रहेगा और इसमें घनी धुंध, शीत लहर व दिन के समय ठंड का प्रभाव बढ़ता हुआ नजर आएगा।

वहीं, महानगर जालंधर के आसपास के विभिन्न स्थानों में रात के समय धुंध की वजह से विजिबिलटी बेहद कम नजर आई। धुंध के चलते हाइवे पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित होना शुरू हो गया है। वहीं, आने वाले दिनों में शहर के भीतरी इलाकों में भी धुंध का जोर देखने को मिलेगा।

वहीं, पंजाब के कई पड़ोसी राज्यों में बारिश की संभावना बनी हुई है जिसके चलते ठंड पर इसका असर देखने को मिलेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक पंजाब व हरियाणा के कई हिस्सों में हलकी बुंदाबांदी के आसार बने हुए हैं।

वहीं धुंध के चलते वाहन चालकों को एहतियात अपनाना जरूरी हो गया है क्योंकि हाइवे पर कई इलाकों में विजिबिलिटी 20 से 40 मीटर के करीब रह चुकी है। वहीं एन.एच. (नैशनल हाइवे) पर कई स्थानों पर 50 मीटर तक विजिबिलिटी रिकार्ड की गई। इसी क्रम में महानगर जालंधर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के करीब रिकार्ड किया गया।

वहीं, रात व सुबह तड़कसार के समय खेतों के आसपास के इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रह चुकी है। ठंड के प्रभाव से सड़क किनारे जीवन यापन करने वालों के लिए मुश्किलें बढ़ गई है। किसी भी साधन से गंतव्य तक जाने के लिए अधिक समय व्यय हो रहा है। पंजाब सहित कई राज्यों में ठंड बढ़ने का मुख्य कारण पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी बताया गया है। इसी के चलते शीत लहर ने मैदानी इलाकों में जोर दिखाना शुरू कर दिया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केन्द्र द्वारा अगले 2 दिन घने कोहरे की चेतावनी दी गई है और ऑरेंज अलर्ट के कारण एहतियात बरतने को कहा गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक सावधानी अपनाने व हाइवे पर संभलकर चलने का परामर्श जारी किया गया है। सुबह व रात को कोहरे का असर अधिक रहेगा।

धूप न निकलने के चलते बढ़ रही परेशानी

सर्दी के मौसम में धूप न निकलने के कारण परेशानी बढ़ जाती है, इसी क्रम में आज भी पूरा दिन धूप न निकलने के कारण परेशानियों में इजाफा हुआ। वहीं दिनभर शीत लहर चलने के कारण लोगों को भारी दिक्कतें पेश आई। आज बेहद ठंडी हवाएं चलती रही। यह गति 8-10 किलोमीटर से कम रही लेकिन शीत लहर होने के कारण इसका प्रभाव अधिक रहा। मौसम में अगले कुछ दिनों में ठंडक बढ़ेगी और खासतौर पर दोपहर में इसका असर रहेगा। इससे बचाव करने की जरूरत है क्योंकि ठंड के कारण बीमारी के केसों में बढ़ौतरी देखने को मिल रही है, जिसके चलते डाक्टरों के यहां रश बढ़ रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News