Punjab : रियल एस्टेट कंपनी पर ED की बड़ी कार्रवाई, 50 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 08:56 PM (IST)
पंजाब डैस्क : पंजाब समेत कई राज्यों में निवेशकों के साथ करोड़ों की ठगी करने वाली कंपनी मेसर्स नेचर हाइट्स इंफ्रा लिमिटेड के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। बताया जा रहा है कि जालंधर स्थित ED के जोनल ऑफिस ने PMLA अदालत के आदेश पर उक्त कंपनी की कुर्क की गई संपत्तियों को संबंधित बैंकों को सौंप दिया है। इस कार्रवाई के बाद अब बैंकों के माध्यम से निवेशकों को नुकसान की भरपाई का रास्ता साफ हो गया है।
इससे बैंकों को कानूनी तौर पर इन संपत्तियों की नीलामी या उपयोग के जरिए फंसे हुए पैसों की रिकवरी करने का अधिकार मिल गया है। बैंकों को सौंपी गई ये सभी व्यावसायिक संपत्तियां पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में स्थित हैं। इनका सरकारी मूल्य भले ही करीब 20.21 करोड़ रुपये है, लेकिन मौजूदा बाजार में इनकी कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये तक आंकी जा रही है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इन संपत्तियों की बिक्री से निवेशकों को पर्याप्त राहत मिल सकती है।
जांच में सामने आया है कि कंपनी ने जमीन दिलाने के नाम पर बड़ी संख्या में निवेशकों से पैसा इकट्ठा किया था। कई निवेशकों ने अपनी जीवन भर की जमा-पूंजी इस प्रोजेक्ट में लगा दी थी। न जमीन मिली, न पैसा वापस हुआ, जिससे लोग लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे थे।

