रावी दरिया का धुस्सी बांध फिर टूटा, गाहलड़ी समेत कई गांवों में घुसा पानी; खेत बने दरिया

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 08:01 AM (IST)

गुरदासपुर(विनोद): भारत-पाकिस्तान सीमा पर बहने वाले रावी दरिया में जलस्तर बढ़ने के कारण गाहलड़ी हेड के सामने बना धुस्सी बांध एक बार फिर टूट गया। बांध टूटते ही दरिया का पानी तेजी से गांव गाहलड़ी समेत आसपास के कई गांवों और खेतों में फैल गया।

अचानक पानी का बहाव बढ़ने से ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पानी गांवों की गलियों और खेतों में दरिया की तरह बहने लगा। ग्रामीण अपने स्तर पर घरों का सामान और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। जिला प्रशासन ने भी स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

फिलहाल किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News