Punjab: बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए गुरदास मान, बढ़ाया मदद का हाथ, किया यह ऐलान
punjabkesari.in Sunday, Aug 31, 2025 - 09:16 PM (IST)

पंजाब डैस्क : पंजाब इन दिनों बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहा है। राज्य के कई ज़िलों में लगातार बारिश और नदियों में आए उफान के कारण हालात बिगड़ गए हैं। गाँवों और कस्बों में पानी भर जाने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ रहा है। कई जगहों पर खेतों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं और ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त है। इस मुश्किल घड़ी में प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ अब कलाकार भी पीड़ितों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
प्रसिद्ध गायक और अभिनेता गुरदास मान ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री राहत कोष (CM Relief Fund) में 25 लाख रुपए की राशि दान करने का ऐलान किया है। गुरदास मान ने कहा कि पंजाब ने हमेशा उन्हें प्यार और सम्मान दिया है, और अब समय है कि वे अपने लोगों के साथ खड़े होकर उनकी हर संभव मदद करें।
गौरतलब है कि गुरदास मान से पहले भी पंजाबी संगीत जगत के कई बड़े कलाकार बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आगे आ चुके हैं। हाल ही में मशहूर गायक रंजीत बावा, सतिंदर सरताज और बब्बू मान ने भी बाढ़ पीड़ितों के लिए आर्थिक सहयोग देने का ऐलान किया है। इन कलाकारों का कहना है कि पंजाब की धरती ने उन्हें पहचान और इज्ज़त दी है और अब कठिन परिस्थिति में लोगों की सहायता करना उनका फ़र्ज़ है।