Punjab : अवैध रूप से चल रहे नशा मुक्ति केंद्र का पर्दाफाश, दो संचालक गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 08:39 PM (IST)

मालेरकोटला  (भुपेश, जहूर) :  मालेरकोटला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना संदौड़ के अधीन पड़ते गांव महोली कलां में चल रहे एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से केंद्र चला रहे दोनों संचालकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बेअंत सिंह निवासी महोली कलां (थाना संदौड़) और नीरज पुत्र मोहन लाल निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। यह केंद्र स्वास्थ्य विभाग के बिना किसी लाइसेंस या वैध मंजूरी के अवैध ढंग से चलाया जा रहा था, जिससे वहां रखे गए मरीजों की जान को लगातार खतरा बना हुआ था।

जानकारी देते हुए जिला पुलिस प्रमुख हरकमल प्रीत सिंह खक्ख ने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव महोली कलां में बिना किसी मंजूरी के नशा मुक्ति केंद्र चलाकर लोगों की जिंदगियों से खिलवाड़ किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी ने तुरंत छापेमारी करके दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी केंद्र संचालन से संबंधित कोई भी लाइसेंस या कानूनी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
थाना संदौड़ में दोनों आरोपियों के खिलाफ बी.एन.एस. की धारा 318(4), 319, 127 और 61(2) के तहत मामला दर्ज करके आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News